Hyundai भारतीय कार मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नई स्ट्रेटजी पर काम कर रही है. कंपनी की प्लानिंग 2030 तक भारत में लग्जरी कारों समेत कुल 26 नए मॉडल लॉन्च करने की है. इनमें पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल होंगी. आने वाले साल में कंपनी का सबसे ज्यादा ध्यान SUV सेगमेंट पर रहने वाला है. इसकी वजह ग्राहकों के बीच इन गाड़ियों की बढ़ती मांग है. अगले साल Hyundai चार नई SUVs भारतीय बाजार में उतार सकती है.

Hyundai Ioniq P इलेक्ट्रिक SUV
Hyundai पहली बार भारत के किफायती सेगमेंट में अपनी नई Ioniq P के साथ एंट्री करने की तैयारी में है. इसका इंटरनल कोडनेम HE1i है. यह चार मीटर से छोटी इलेक्ट्रिक SUV होगी. कंपनी इसे अगले साल Bharat Mobility Expo में लॉन्च कर सकती है.
इसमें ऊंचा और बॉक्सी डिजाइन मिलेगा, जिससे बाहर से यह दमदार दिखेगी और केबिन में भी ज्यादा जगह मिलेगी. यह भारत के लिए Hyundai की पहली खास इलेक्ट्रिक SUV होगी. इसमें इलेक्ट्रिक सनरूफ, Pleos Connect सिस्टम, वेंटिलेटेड सीटें, ऑटोमैटिक AC, लेदर जैसी सीटों की फिनिश और ADAS जैसे फीचर्स मिल सकते हैं.
बैटरी की बात करें तो शुरुआती वेरिएंट में 42 kWh और बड़े वेरिएंट में 49 kWh या 51.4 kWh का बैटरी पैक मिल सकता है. इसकी असली सड़कों पर रेंज 300 से 450 किलोमीटर के बीच रहने की उम्मीद है.
Hyundai Bayon सीएनजी
हाल ही में लॉन्च हुई Hyundai Bayon का CNG मॉडल भी जनवरी 2027 में आने वाला है. कंपनी इसकी लॉन्चिंग की पुष्टि कर चुकी है. इसमें पेट्रोल मॉडल वाले ज्यादातर फीचर्स मिलेंगे.
इसमें मौजूदा 1.5लीटर पेट्रोल इंजन को CNG के हिसाब से बदला जाएगा. इसके साथ सिर्फ मैनुअल गियरबॉक्स मिलेगा. CNG सिलेंडर को कार के नीचे लगाने की योजना है, ताकि डिक्की में सामान रखने की जगह कम न हो.
नई जनरेशन हुंडई क्रेटा
की नई जनरेशन Creta 2027 की पहली छमाही में लॉन्च हो सकती है. यह नए प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी और मौजूदा मॉडल से आकार में बड़ी होगी. इसके बाहरी डिजाइन में भी काफी बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
इसमें Pleos Connect, पैनोरमिक सनरूफ, इलेक्ट्रिक फ्रंट सीटें, बॉस मोड, वेंटिलेटेड सीटें और Level 2 ADAS जैसे फीचर्स मिल सकते हैं. इंजन के लिए 1.5लीटर पेट्रोल, 1.5लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5लीटर डीजल के ऑप्शन जारी रह सकते हैं. इसके साथ 1.5लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन भी 2027 में आने की उम्मीद है. नई Creta N Line की भी विदेशों में टेस्टिंग हो रही है.
नई जनरेशन हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक
पेट्रोल और हाइब्रिड मॉडल के अलावा नई Creta का इलेक्ट्रिक वर्जन भी भारत में आएगा. इसे हाल ही में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. इसका डिजाइन सामान्य नई Creta जैसा होगा, लेकिन इसमें इलेक्ट्रिक मॉडल के हिसाब से अलग ग्रिल, अलॉय व्हील और केबिन डिजाइन मिल सकता है.
नई जनरेशन के प्लेटफॉर्म पर तैयार होने के कारण इसमें मौजूदा मॉडल से बड़ी बैटरी और ज्यादा रेंज मिलने की उम्मीद है. इसकी लॉन्चिंग 2027 के आखिरी हिस्से में हो सकती है.