: संसद के विशेष सत्र से पहले लोकसभा में सांसदों के बैठने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। नए सीटिंग अरेंजमेंट के तहत अब डीएमके के सांसद कांग्रेस और INDIA ब्लॉक के दूसरे दलों से अलग बैठेंगे। इसके अलावा NCP की सांसद सुप्रिया सुले और शिवसेना के सांसद अरविंद सावंत की सीटों में भी बदलाव किया गया है। लोकसभा सचिवालय ने यह नई व्यवस्था लागू की है।

DMK सांसदों ने मांगी थी अलग सीटें
DMK सांसदों के लिए अलग बैठने की मांग पहले ही उठ चुकी थी। इसी साल मई में पार्टी की सांसद कनिमोझी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर DMK सांसदों के लिए अलग सीटें आवंटित करने की मांग की थी। कनिमोझी ने अपने पत्र में कहा था कि तमिलनाडु में बदलते राजनीतिक हालात को देखते हुए DMK सांसदों का कांग्रेस के साथ बैठना उचित नहीं है। दोनों दलों के बीच गठबंधन खत्म होने के बाद संसद में भी अलग बैठने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
तमिलनाडु में गठबंधन टूटने के बाद बिगड़े रिश्ते
दरअसल, तमिलनाडु की राजनीति में DMK और कांग्रेस के बीच रिश्तों में उस समय खटास आ गई, जब कांग्रेस ने अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम को समर्थन देने का फैसला किया। इसके बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरियां बढ़ गईं। इसी घटनाक्रम के बाद DMK ने लोकसभा में भी कांग्रेस से अलग बैठने की मांग की थी। अब लोकसभा सचिवालय ने सीटिंग व्यवस्था में बदलाव कर दिया है।
सुप्रिया सुले और अरविंद सावंत की सीट भी बदली
नई व्यवस्था के तहत NCP की सांसद सुप्रिया सुले अब DMK सांसद कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी। वहीं, शिवसेना के सांसद अरविंद सावंत की सीट भी बदल दी गई है। पहले उन्हें सीट नंबर 433 आवंटित थी, लेकिन अब उनकी नई सीट नंबर 500 होगी। इसके अलावा समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के कुछ सांसदों की सीटों में भी फेरबदल किया गया है।
ये भी पढ़ें:
परिसीमन के मुद्दे पर भी बढ़ सकती है सियासी हलचल
लोकसभा में सीटिंग व्यवस्था में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र शुरू होने जा रहा है। इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। परिसीमन को लेकर DMK लगातार दक्षिण भारतीय राज्यों के हितों की बात उठा रही है। पार्टी की मांग है कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के बाद भी तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के राज्यों का मौजूदा राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित नहीं होना चाहिए। ऐसे में संसद में DMK सांसदों का कांग्रेस से अलग बैठना और सीटिंग व्यवस्था में हुआ बदलाव राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
ये भी पढ़ें: