Akhilesh Yadav on delimitation: परिसीमन बिल को लेकर देश में बने राजनीति घमासान के बीच शनिवार को संभल पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने परिसीमन बिल को लेकर बीजेपी अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है और सबको इसका समर्थन करना चाहिए, लेकिन बीजेपी इसकी आड़ में अपने राजनीतिक फायदे के लिए सीटों का परिसीमन करना चाहती है। अखिलेश ने सरकार से सवाल किया कि जब देश की आबादी बढ़ गई है और हालात बदल चुके हैं, तो परिसीमन के लिए पुराने आंकड़ों का इस्तेमाल क्यों हो रहा है? उन्होंने साफ कहा कि सरकार को पहले नई जनगणना करानी चाहिए और उसके बाद ही परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ानी चाहिए।

बीजेपी पर आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि वह महिला आरक्षण की आड़ में लोकसभा और विधानसभा सीटों का परिसीमन कराकर लंबे समय तक सत्ता में बने रहने की रणनीति बना रही है। उनके अनुसार, इस कवायद का उद्देश्य चुनावी समीकरणों को साधना और लोकतांत्रिक संतुलन को प्रभावित करना है। इस पूरी कवायद का मकसद चुनावी गणित को अपने पक्ष में मोड़ना है।
नई जनगणना की मांग
वहीं बढ़ती जनसंख्या और बदलते जनसांख्यिकीय आंकड़ों का हवाला देते हुए अखिलेश यादव ने पुराने तथ्यों के बजाय नई जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने की मांग की। उनका कहना था कि ताज़ा आंकड़ों के बिना सीमाओं का निर्धारण मौजूदा जमीनी हकीकत और मतदाताओं के सही प्रतिनिधित्व के साथ न्याय नहीं कर पाएगा।
बताया NDA का मतलब
NDA पर कटाक्ष करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि N का मतलब नफरत की राजनीति है और भाजपा यही करती है। जनता की नाराजगी व बुनियादी समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए परिसीमन का मुद्दा उछाल रही है। अखिलेश ने कहा कि, किसान खादडीएपी की किल्लत और धान का सही दाम न मिलने से परेशान हैं, वहीं चीनी सामान से व्यापारी संकट में हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, रद्द भर्ती परीक्षाओं और जंतरमंतर पर प्रदर्शन से युवाओं का गुस्सा साफ दिखता है, पर सरकार जवाब देने से बच रही है।
मतदाता सूची पर सवाल
मतदाता सूची से गायब नामों का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने चुनावी व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में लापता मतदाताओं को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और चुनाव आयोग के दावों में अंतर है, जिससे सूची की विश्वसनीयता और पारदर्शिता पर संदेह पैदा होता है।