परफ्यूम की शीशी से जो खुशबू आती है, उसके पीछे सबसे बड़ा हिस्सा खुशबू का नहीं, अल्कोहल का होता है. ज्यादातर परफ्यूम में 70 से 90 फीसदी तक अल्कोहल मिलाया जाता है, लेकिन सवाल है कि कंपनियां ऐसा क्यों करती हैं.परफ्यूम तीन चीजों का मिश्रण है खुशबू वाले तेल , अल्कोहल और थोड़ा पानी. गुलाब, चमेली, चंदन या कस्तूरी जैसी महक देने वाले तेल बेहद गाढ़े होते हैं. इन्हें सीधे त्वचा पर लगाना न तो आसान है, न सुविधाजनक. इन्हें हल्का और इस्तेमाल लायक बनाने के लिए एक माध्यम चाहिए. यही काम अल्कोहल करता है.

जानें, परफ्यूम में अल्कोहल क्यों मिलाते हैं, क्या बिना अल्कोहल के परफ्यूम नहीं बनाए जा सकते. एक्सपर्ट से समझें इनके जवाब.
परफ्यूम में अल्कोहल क्यों मिलाते हैं?
एक परफ्यूम में कई तरह के सुगंधित तेल और दूसरे पदार्थ होते हैं. सिग्मा लाइफस्टाइल्स एवं केटी के संस्थापक और प्रबंध निदेशक ध्रुव सयानी कहते हैं, परफ्यूम में अल्कोहल का इस्तेमाल मुख्य रूप से उसमें मौजूद खुशबू वाले तत्वों को घोलने के लिए किया जाता है. इन सभी को सही अनुपात में मिलाकर एक समान मिश्रण तैयार करना पड़ता है. इसमें एथेनॉल यानी एथिल अल्कोहल काफी काम आता है.
आपने गौर किया होगा कि परफ्यूम छिड़कते ही उसकी महक आसपास फैलने लगती है. इसकी एक वजह अल्कोहल का जल्दी वाष्पित होना है. यह खुशबू वाले पदार्थों को हवा में फैलने में मदद करता है. स्प्रे करने पर परफ्यूम बहुत बारीक बूंदों में निकलता है और त्वचा पर आसानी से लग जाता है. अल्कोहल जल्दी सूख जाता है, इसलिए आमतौर पर त्वचा पर तेल जैसा चिपचिपापन भी नहीं रहता.
परफ्यूम में अल्कोहल. फोटो: Pexels
परफ्यूम लगाते ही जो खुशबू आती है, जरूरी नहीं कि कुछ घंटों बाद भी वही महक रहे. शुरुआत में हल्के सुगंधित तत्व ज्यादा महसूस होते हैं. उनके उड़ने के बाद दूसरे नोट्स सामने आते हैं. यह इस बात पर निर्भर करता है कि परफ्यूम में कौनसे सुगंधित पदार्थ इस्तेमाल हुए हैं और उनकी मात्रा कितनी है.
अक्सर अल्कोहल को लेकर एक गलतफहमी भी रहती है कि इसकी मात्रा ज्यादा होने से खुशबू ज्यादा देर टिकेगी्. ऐसा जरूरी नहीं है. परफ्यूम कितने समय तक महकेगा, इसमें फ्रेगरेंस ऑयल की मात्रा, उसकी बनावट और पूरे मिश्रण का योगदान होता है. त्वचा की प्रकृति से भी फर्क पड़ सकता है.
अल्कोहल मिला होने से परफ्यूम चिपचिपा नहीं होता, यह जल्दी सूख जाता है. फोटो: Pexels
यह भी वजह
सिर्फ तेल लगाने से त्वचा चिपचिपी और भारी लगती है. अल्कोहल मिला होने से परफ्यूम जल्दी सूख जाता है और कपड़ों या त्वचा पर दागचिपचिपाहट नहीं छोड़ता. आप स्प्रे करके तुरंत तैयार हो सकते हैं.अल्कोहल मिला तरल हल्का होता है. इसलिए स्प्रे बोतल से वह बारीक धुंध की तरह निकलता है. इससे खुशबू एक जगह जमा होने की बजाय बराबर फैलती है. गाढ़ा तेल इस तरह स्प्रे नहीं हो पाता.
अल्कोहल में कीटाणुओं को बढ़ने से रोकने की क्षमता होती है. इससे परफ्यूम में बैक्टीरिया या फफूंद पनपने का खतरा कम रहता है और वह लंबे समय तक खराब नहीं होता. यह परफ्यूम की शेल्फ लाइफ बढ़ाने में भी मदद करता है. एथेनॉल की अपनी महक बहुत हल्की होती है और कुछ सेकंड में गायब हो जाती है, इसलिए वह परफ्यूम की असली खुशबू में दखल नहीं देता. साथ ही यह दूसरे सॉल्वेंट के मुकाबले सस्ता और आसानी से उपलब्ध है, इसलिए कंपनियां इसे बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करती हैं.
क्या बिना अल्कोहल नहीं बनते परफ्यूम?
बिना अल्कोहल के भी परफ्यूम और इत्र बनाए जाते हैं. उनमें खुशबू को मिलाने और लगाने का तरीका अलग हो सकता है. इसलिए अल्कोहल को हर तरह की खुशबू के लिए जरूरी कहना सही नहीं होगा. हां, स्प्रे वाले बहुतसे परफ्यूम में यह एक उपयोगी घटक है. इससे खुशबू का मिश्रण तैयार करने, उसे छिड़कने और त्वचा पर जल्दी सूखने में मदद मिलती है.