भारतीय रिजर्व बैंक की डिप्टी गवर्नर पूनम गुप्ता ने सोमवार को कहा कि कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स यानी सीपीआई की रिवाइज्ड सीरीज से महंगाई के आधिकारिक आंकड़ों और आम लोगों के महंगाई के अनुभव के बीच का फासला कम करने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि नई सीपीआई सीरीज में घरेलू उपभोग के बदलते स्वरूप के अनुरूप वेटेज में संशोधन किया गया है. साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मुफ्त मिलने वाली वस्तुओं को इंडेक्स से बाहर रखा गया है और पहली बार ऑनलाइन बाजारों से भी कीमतों के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं.

गुप्ता ने यहां सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की तरफ से आयोजित डेटा उपयोगकर्ता सम्मेलन में कहा कि इन बदलावों से महंगाई का आकलन अधिक वास्तविक होगा और महंगाई के लिए निर्धारित लक्ष्य पर केंद्रित मॉनेटरी पॉलिसी बनाने में मदद मिलेगी. इस साल फरवरी में जारी संशोधित सीपीआई शृंखला में घरेलू उपभोग व्यय सर्वेक्षण 202324 के आधार पर भारांश तय किए गए हैं. इससे पहले 201112 के सर्वेक्षण का इस्तेमाल होता था.
खुदरा महंगाई में उतारचढ़ाव कम होने की उम्मीद
आरबीआई की डिप्टी गवर्नर ने कहा कि उपभोग मद में खाद्य एवं पेय पदार्थों का भारांश घटा है, जबकि गैरखाद्य वस्तुओं एवं सेवाओं का हिस्सा बढ़ा है. खाद्य कीमतों में अधिक उतारचढ़ाव को देखते हुए इससे खुदरा महंगाई में उतारचढ़ाव कम होने की उम्मीद है. नई सीरीज में 12 ऑनलाइन बाजारों से कीमतों के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं. मकान किराया सूचकांक में सरकारी और नियोक्ताओं की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले आवास को शामिल नहीं किया गया है. ग्रामीण क्षेत्रों के मकान किराए को भी इसके दायरे में लाया गया है.
आईआईपी की नई सीरीज का भी उल्लेख
गुप्ता ने संशोधित सकल घरेलू उत्पाद और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक सीरीज का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि जीडीपी कैलकुलेशन में दोहरी डिफ्लेशन पद्धति और आपूर्तिउपयोग तालिका ढांचे से अनुमानों की विश्वसनीयता बढ़ेगी. वहीं, आईआईपी में मोटर वाहन, दवा और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों का भारांश बढ़ाया गया है. उन्होंने कहा कि आरबीआई आर्थिक गतिविधियों के आकलन के लिए उच्च आवृत्ति वाले संकेतकों के साथ घरेलू और वैश्विक आर्थिक रुझानों पर नजर रखता है. वैकल्पिक बड़े आंकड़े शुरुआती संकेत दे सकते हैं, लेकिन केंद्रीय बैंक आधिकारिक आंकड़ों से उनकी पुष्टि करने के बाद ही उनका इस्तेमाल करता है.