ब्रिटिश शाही परिवार के प्रमुख सदस्य प्रिंस विलियम का दौरा सुर्खियों में है. उनका तीन दिन का यह दौरा कई गतिविधियों की वजह से चर्चा में है. वे यहां मूलतः अर्थशॉट प्राइज़ डिस्ट्रीब्यूशन समारोह के लिए आए हैं लेकिन उन्होंने मशहूर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के साथ मुंबई में गली क्रिकेट भी खेला है. विलियम और केट ने ने बल्लेबाजी भी की. दोनों में मुंबई की कटिंग चाय का भी आनंद लिया.

शाही जोड़े ने मुंबई मेट्रो की यात्रा भी की. उनके कार्यक्रम में पर्यावरण, युवाओं, परिवारों और भारतीय फिल्म जगत से जुड़े आयोजन शामिल हैं. आइए, प्रिंस विलियम की इस यात्रा के बहाने जानते हैं ब्रिटिश शाही परिवार की भारत यात्रा से जुड़े कुछ रोचक किस्से.
हाथियों की सवारी और बाघ का शिकार
शाही दौरों की पुरानी तस्वीरों में हाथी और बाघ अक्सर दिखाई देते हैं. राजा जॉर्ज पंचम और महारानी मैरी 1911 में भारत आए थे. दिल्ली दरबार में उन्हें भारत का सम्राट और साम्राज्ञी घोषित किया गया. उनकी यात्रा की याद में मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया बना. नेपाल में जॉर्ज पंचम की शिकार यात्रा भी पुराने शाही दौरों का हिस्सा थी. उस समय बड़े जानवरों का शिकार राजसी साहस और प्रतिष्ठा की निशानी माना जाता था. आज ऐसी तस्वीरें वन्यजीव संरक्षण की जरूरत पर भी चर्चा कराती हैं. साल 1961 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप भारत आए. वे आजादी के बाद भारत आने वाले पहले ब्रिटिश सम्राट थे. उस दौरे की एक तस्वीर में दोनों जयपुर में मारे गए बाघ के पास खड़े दिखते हैं. उस समय भी शिकार पर विरोध हुआ था.
1961 में भारत यात्रा के दौरान हाथी की सवारी करतीं ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय.
2016 में विलियम और केट का काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान जाना इस बदलाव को दिखाता है. वहां उनका ध्यान बाघ या गैंडे के शिकार पर नहीं, बल्कि वन्यजीवों और उनके संरक्षण पर था. उन्होंने एक वन्यजीव बचाव केंद्र भी देखा. केट की हाथी के बच्चे को बोतल से दूध पिलाती तस्वीरें खूब चर्चा में आईं थीं.
जयपुर शहर गुलाबी कैसे हुआ?
जयपुर का गुलाबी रंग भी एक शाही यात्रा से जुड़ा है. 1876 में प्रिंस ऑफ वेल्स, जो बाद में एडवर्ड सप्तम बने, जयपुर आए. उनके स्वागत में शहर की इमारतों और सड़कों को गुलाबी रंग से सजाया गया. यह रंग मेहमाननवाजी का प्रतीक बना और पिंक सिटी नाम लोकप्रिय हो गया. शहर के इस रंगीन रूप ने आगे आने वाले शाही मेहमानों को भी आकर्षित किया. जॉर्ज पंचम और महारानी मैरी से लेकर महारानी एलिजाबेथ, प्रिंस चार्ल्स और डायना तक, कई शाही सदस्य जयपुर आए.
ताजमहल के सामने बनी संगमरमर की बेंच डायना के कारण खास तौर पर प्रसिद्ध हुई.
डायना बेंच और ताजमहल की तस्वीर
आगरा में ताजमहल के सामने बनी संगमरमर की बेंच डायना के कारण खास तौर पर प्रसिद्ध हुई. 1992 में प्रिंसेस डायना वहां अकेली बैठी दिखाई दीं. उस समय उनकी निजी जिंदगी में तनाव था. तस्वीर को कई लोगों ने उनके अकेलेपन का प्रतीक माना. इस प्रसंग ने बेंच को डायना बेंच के नाम से लोकप्रिय कर दिया. 2016 में विलियम और केट ने अपनी भारतभूटान यात्रा के आखिरी दिन उसी बेंच पर ताजमहल के सामने तस्वीर खिंचवाई. यह तस्वीर उनकी यात्रा का यादगार समापन बनी. सात दिन के दौरे में मुंबई, दिल्ली, असम, भूटान और आगरा शामिल थे. उन्होंने मुंबई में बच्चों के साथ क्रिकेट खेला, दिल्ली में गांधी स्मृति और इंडिया गेट गए, और असम में बिहू उत्सव देखा. भूटान में उन्होंने तीरंदाजी आजमाई. कुछ मठों तक पैदल गए.
पंडित नेहरू के साथ क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप. फोटो: Terry Fincher/Mirrorpix Images
महारानी एलिजाबेथ और प्रिंस चार्ल्स के दौरे के किस्से भी जानें
महारानी एलिजाबेथ और प्रिंस फिलिप ने 1961 में मुंबई, चेन्नई और कोलकाता का दौरा किया. दिल्ली में उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. यह संकेत था कि स्वतंत्र भारत के साथ रिश्ते अब नए दौर में प्रवेश कर रहे थे. उन्होंने ताजमहल भी देखा और गुजरात में गरबा कलाकारों से मुलाकात की. प्रिंस चार्ल्स 1980 में पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर आए. उन्होंने ताजमहल देखा, जयपुर पोलो मैदान में खेला और कोलकाता में मदर टेरेसा से मुलाकात की. उनके स्वागत में फूलों की माला पहनाई गई और माथे पर तिलक लगाया गया. यह भारतीय स्वागत परंपराओं और शाही औपचारिकता का मेल था. बाद में डायना का ताजमहल दौरा और उनके बेटे विलियम की 2016 की तस्वीर ने इस जगह को परिवार की कई पीढ़ियों की यात्राओं से जोड़ दिया.
मुंबई में सचिन तेंदुलकर के साथ कटिंग चाय का आनंद लेते प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन. फोटो: PTI
बदलते दौर की शाही यात्रा के अनुभव
पुराने दौरों में शिकार, हाथी और भव्य स्वागत की तस्वीरें प्रमुख थीं. आज शाही यात्राएं पर्यावरण, बच्चों, युवाओं और सांस्कृतिक साझेदारी पर ध्यान देती हैं. विलियम और केट का 2026 का दौरा इसी बदलाव का उदाहरण है. मुंबई में क्रिकेट और मेट्रो की यात्रा उन्हें शहर के रोजमर्रा के जीवन से जोड़ती है. अर्थशॉट प्राइज़ और बच्चों की पर्यावरण पहलें दौरे को भविष्य की चुनौतियों से जोड़ती हैं. पुराने किस्से इतिहास की झलक देते हैं. नई कहानियाँ बताती हैं कि भारत और ब्रिटेन के रिश्तों को आज किस दिशा में ले जाने की कोशिश हो रही है.
प्रिंस विलियम ने द रॉयल फाउंडेशन के साथ मिलकर अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की.
साल 2026 में विलियम और केट का भारत दौरा
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन 16 से 18 नवंबर 2026 तक भारत के दौरे पर हैं. यह भारत में उनका दूसरा आधिकारिक दौरा है. इस बार उनका मुख्य पड़ाव मुंबई है. दौरे का बड़ा आयोजन 17 नवंबर को होने वाला अर्थशॉट प्राइज़ समारोह है, जो आज यानी 17 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है. यह पुरस्कार विलियम ने पर्यावरण की चुनौतियों के समाधान खोजने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए साल 2020 में शुरू किया था.
साल 2021 से इन पुरस्कारों का वितरण हो रहा है. पहली बार यह समारोह भारत में हो रहा है. पांच विजेताओं को उनके पर्यावरणीय काम को आगे बढ़ाने के लिए एकएक मिलियन पाउंड दिए जाएंगे. मुंबई में दौरे की शुरुआत क्रिकेट से हुई. सचिन तेंदुलकर के साथ विलियम और केट ने गली क्रिकेट में हिस्सा लिया. दोनों ने बल्लेबाजी भी की. यह हल्काफुल्का खेल दौरे के औपचारिक कार्यक्रमों से अलग एक लोकप्रिय पल बना. शाही जोड़े ने मुंबई मेट्रो की यात्रा भी की. उनके कार्यक्रम में पर्यावरण, युवाओं, परिवारों और भारतीय फिल्म जगत से जुड़े आयोजन शामिल हैं. दौरे में टिकाऊ शहरी परिवहन, जिम्मेदार निर्माण और युवाओं की पर्यावरण से जुड़ी पहल भी शामिल हैं.
मुंबई में बच्चों के अर्थशॉट पुरस्कार से जुड़ा कार्यक्रम भी रखा गया है. इस पहल में देश के 24 राज्यों के 15 हजार स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया. दौरे के अंत में विलियम और केट नई दिल्ली जाएंगे. वहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात तय बताई जा रही है.