एक बार फिर से सोने और चांदी की कीमतों में दबाव देखने को मिल रहा है. आंकड़ों को देखें तो देश का वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना सवा लाख रुपए के नीचे ट्रेड कर रहा है. वहीं चांदी के दाम 1.50 लाख रुपए से नीचे आ गए हैं. वैसे आज गुरु नानक जयंति के मौके पर एमसीएक्स शाम के सेशन 5 बजे शुरू हुआ. एक दिन पहले सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी. जानकारों की मानें जब तक फेड पॉलिसी के नतीजे सामने नहीं आते हैं, तब तक सोने और चांदी की कीमतों में उतार चढ़ाव बना रह सकता है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश के वायदा बाजार में सोने और चांदी के आंकड़े किस तरह की कहानी बयां कर रहे हैं.

सवा लाख से नीचे आया सोना
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने के दाम सवा लाख रुपए से नीचे कारोबार करते हुए दिखाई दे रहे हैं. आंकड़ों के अनुसार शाम 7 बजकर 40 मिनट पर सोने की कीमत 1456 रुपए की गिरावट के साथ 1,24,540 रुपए प्रति दस ग्राम पर ट्रेड कर रहे हैं. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान सोने के दाम 1,594 रुपए की गिरावट के साथ 1,24,402 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गए थे. वैसे शाम 5 बजे सोना गिरावट के साथ 1,24,441 रुपए प्रति दस ग्राम पर ओपन हुए थे. एक दिन पहले सोने की कीमत में अच्छी तेजी देखने को मिली थी.
डेढ़ लाख से नीचे आया सिल्वर
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी की कीमतें 1.50 लाख रुपए प्रति किलोग्राम से नीचे आ गई हैं. आंकड़ों को देखें तो शाम 7 बजकर 40 मिनट पर चांदी के दाम 4,589 रुपए की गिरावट के साथ 1,49,628 रुपए प्रति किलोग्राम पर देखने को मिले. जबकि कारोबारी सत्र के दौरान 4,984 रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट के साथ 1,49,233 रुपए पर आ गई थी. वैसे आज शाम को चांदी 1,49,233 रुपए पर ओपन हुई थी. सोमवार को चांदी की कीमत में अच्छी तेजी देखने को मिली थी और 1,54,217 रुपए पर बंद हुई थी.