के बिजनौर में युवतियों को बहलाफुसलाकर अपने जाल में फंसाने और उन्हें पैसे लेकर बेचने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। नजीबाबाद पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक युवती को सुरक्षित बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर ऐसी युवतियों की तलाश करते थे, जो किसी वजह से अपना घर छोड़कर आई हों।

पिता ने दर्ज कराई थी शिकायत
एसपी ग्रामीण गौतम राय ने बताया कि 26 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने नजीबाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि सोनू नाम का युवक उसकी बेटी को बहलाफुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी थी। 9 नवंबर को पुलिस ने युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान सोनू, मुखराम, शिवम, सिमरन उर्फ पूनम, ज्योति और कविता के रूप में हुई है।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर तलाशते थे युवतियां
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर ऐसी युवतियों को तलाशते थे, जो घर से भागकर आई हों या परिवार में विवाद के कारण घर छोड़ चुकी हों। इसके बाद आरोपी उन्हें ऐसे लोगों को बेचने का सौदा करते थे, जिनकी शादी नहीं हुई थी या जिनकी पत्नी उन्हें छोड़कर जा चुकी थी।
ये खबर भी पढ़ें:
1 लाख रुपये में तय हुआ था सौदा
पुलिस के मुताबिक बरामद युवती को बेचने के लिए 1 लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। कविता नाम की आरोपी युवती को अपने साथ ले जाकर किसी दूसरे व्यक्ति को ज्यादा कीमत पर बेचने की तैयारी कर रही थी। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर गिरोह के सभी 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।