उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हुए सड़क हादसे में सहारनपुर के रहने वाले एक परिवार के तीन लोगों समेत 4 की मौत हो गई. हादसा इनकी कार पर तेज रफ्तार कंटेनर पलटने की वजह से हुआ. मृतकों की पहचान सहारनपुर में गोकुल धाम कॉलोनी के रहने वाले विशेष कपूर, उनकी मां और पत्नी के अलावा उनके ड्राइवर के रूप में हुई है. वहीं इस हादसे में विशेष का छह साल का बेटा माहेर कपूर चमत्कारिक ढंग से बच गया.

हादसे की खबर जैसे ही उनके घर पहुंंची, पूरी कॉलोनी में मातम पसर गया है. परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार विशेष कपूर बुधवार की शाम करीब चार बजे अपनी मां किरण कपूर , पत्नी निशा कपूर और छह वर्षीय बेटे माहेर के साथ कार से देहरादून के लिए निकले थे. कार को चालक नीरज चला रहा था. परिवार देहरादून में रहने वाले विशेष के छोटे भाई दीपेश कपूर के घर जा रहा था.
विशेष कपूर के परिवार की मौत
कार का बना चूरण
ये लोग अभी देहरादून पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक उनकी कार के ऊपर पलट गया. भारीभरकम कंटेनर के नीचे कार आने से गाड़ी का चूरण बन गया. हादसा इतना भीषण था कि विशेष कपूर, उनकी मां किरण, पत्नी निशा और चालक नीरज की जान चली गई. इससे मौके पर अफरातफरी मच गई. वहीं, कार में मौजूद छह साल के मासूम माहेर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया.
खाद से ओवरलोड था कंट्रेनर
देहरादून के मोहब्बेवाला इलाके में हुआ यह खाद लदे कंटेनर से हुआ. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस फायर सर्विस और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे. इसके बाद तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. कंटेनर का वजन अधिक होने और कार के पूरी तरह दब जाने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. आखिर में कार के दरवाजे और अन्य हिस्से गैस कटर से काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया.