आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स अपने स्क्वाड में बड़े बदलाव कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 14.2 करोड़ रुपये में खरीदे गए प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा में से किसी एक को रिलीज किया जा सकता है।

IPL 2027 Changes for CSK: आईपीएल 2027 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और सभी फ्रेंचाइजी अब अगले सीजन के लिए अपनी रणनीति बनाने में जुट गई हैं। बीसीसीआई की ओर से भी रिटेंशन लिस्ट जारी करने की तारीख तय कर दी गई है। इस बीच पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स में बड़े बदलाव होने के संकेत मिल रहे हैं। खबर है कि टीम पिछले ऑक्शन में करोड़ों रुपये खर्च करके खरीदे गए अपने खिलाड़ियों में से कुछ को रिलीज करने पर विचार कर रही है।
दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले ऑक्शन में प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा पर बड़ा दांव लगाया था। दोनों खिलाड़ियों को टीम ने 14.214.2 करोड़ रुपये की भारीभरकम कीमत पर खरीदा था। हालांकि, पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। ऐसे में अब टीम इन दोनों में से किसी एक या फिर दोनों को रिलीज करने का फैसला ले सकती है। इससे सीएसके के पास IPL 2027 नीलामी के लिए अतिरिक्त पैसा उपलब्ध हो जाएगा।
IPL 2027: प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को सीएसके ने 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा था
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2026 के ऑक्शन में प्रशांत वीर को 14.2 करोड़ रुपये खर्च करके अपनी टीम में शामिल किया था। उनका बेस प्राइस केवल 30 लाख रुपये था, लेकिन उन्हें खरीदने के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच बोली शुरू हुई। बाद में सीएसके और सनराइजर्स हैदराबाद भी इस रेस में शामिल हो गईं। बोली 14 करोड़ रुपये तक पहुंचने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरी बोली लगाई, लेकिन सीएसके ने 14.20 करोड़ रुपये देकर बाजी मार ली। हालांकि, उत्तर प्रदेश के अमेठी के रहने वाले प्रशांत वीर पिछले सीजन में 6 मुकाबले खेलकर केवल 90 रन बना सके और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला। ऐसे में उनके प्रदर्शन को देखते हुए टीम उन्हें रिलीज करने पर विचार कर सकती है।
IPL 2027: कार्तिक शर्मा का भी प्रदर्शन नहीं रहा पिछले सीजन बहुत अच्छा
वहीं, कार्तिक शर्मा को खरीदने के लिए भी आईपीएल 2026 के ऑक्शन में फ्रेंचाइजी के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला था। उनका बेस प्राइस भी 30 लाख रुपये था और शुरुआत में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स ने बोली लगाई। इसके बाद कोलकाता नाइटराइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स भी इस रेस में शामिल हो गईं। बाद में सनराइजर्स हैदराबाद ने भी बोली लगाई, लेकिन आखिरकार सीएसके ने 14.20 करोड़ रुपये खर्च करके उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया। कार्तिक ने पिछले सीजन 11 मुकाबलों में 295 रन बनाए। हालांकि, इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बाद टीम को उनसे जिस तरह के प्रदर्शन की उम्मीद थी, वैसा देखने को नहीं मिला। ऐसे में उनकी जगह को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
IPL 2027: सीएसके के पास मौजूदा वक्त में केवल 2.4 करोड़ रुपये ही पर्स में बाकी
चेन्नई सुपर किंग्स ने प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को खरीदने के लिए कुल 28.4 करोड़ रुपये खर्च किए थे। अब IPL 2027 की नीलामी से पहले टीम के पास केवल 2.4 करोड़ रुपये का पर्स बचा हुआ है। अगर अगले सीजन के लिए टीमों के पर्स में 5 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी होती है, तब भी सीएसके के पास करीब 7.4 करोड़ रुपये ही होंगे। ऐसे में टीम के लिए नीलामी में बड़े खिलाड़ियों पर बोली लगाना मुश्किल हो सकता है। इसी बीच क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सीएसके इन दोनों खिलाड़ियों में से किसी एक को रिलीज करके अपना पर्स बढ़ाने की योजना बना सकती है। अगर ऐसा होता है तो टीम नीलामी में ज्यादा रकम के साथ उतर पाएगी और जरूरत पड़ने पर रिलीज किए गए खिलाड़ी को कम कीमत पर दोबारा खरीदने की कोशिश भी कर सकती है।
IPL 2027: अगले साल के आईपीएल के लिए 16 दिसंबर को होगी नीलामी, 15 नवंबर को आएगी रिटेंशन लिस्ट
IPL 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को आयोजित होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, सभी 10 फ्रेंचाइजी को 15 नवंबर तक अपनी रिटेंशन और रिलीज लिस्ट जारी करनी होगी। यानी टीमों के पास अब अपने स्क्वाड की समीक्षा करने और खिलाड़ियों को लेकर अंतिम फैसला लेने के लिए ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में सभी की नजरें चेन्नई सुपर किंग्स पर होंगी कि वह प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को लेकर क्या फैसला करती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि सीएसके किन खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखती है और किन्हें आईपीएल 2027 से पहले रिलीज करने का फैसला लेती है।