सिर्फ देश के वायदा बाजार में ही नहीं बल्कि दिल्ली के स्पॉट मार्केट में भी तबाही मची हुई है. खासकार दिवाली के बाद से सोने के दाम में लगातार 9वें दिन गिरावट देखने को मिली. इन 9 दिनों में सोने की कीमत में 17,600 रुपए की गिरावट देखने को मिल चुकी है. वहीं दूसरी ओर चांदी के दाम में गिरावट देखी गई, जो दिल्ली में 1.60 लाख रुपए के नीचे आ गई है. जानकारों की मानें तो रुपए में तेजी, डॉलर इंडेक्स और फेड रिजर्व की ओर से दिसंबर के महीने में ब्याज दरों में संभावित तेजी की वजह से सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर सोने और चांदी के दाम कितने हो गए हैं.

दिल्ली में कितना टूटा सोना
शुक्रवार को कीमती धातुओं में लगातार हो रही बिकवाली थमने का कोई नाम नहीं ले रही थी. वैश्विक बाजारों में लगातार बिकवाली के कारण निवेशकों का मनोबल गिरा, जिसका असर राष्ट्रीय राजधानी में भी दिखा, जहां सोने की कीमत 5,200 रुपए गिरकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई. स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, लगातार नौवें सत्र में गिरावट दर्ज करते हुए, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 5,200 रुपए घटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. गुरुवार को यह 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. खास बात तो ये है कि सोने के दाम में इस दौरान 17,600 रुपए की गिरावट देखी जा चुकी है.
चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट
वहीं बात चांदी की करें तो इसमें भी गिरावट देखने को मिली. दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी के दाम 4,000 रुपए गिरकर 1.58 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई. पिछले सत्र में इसकी कीमत 1.62 लाख रुपए प्रति किलोग्राम थी. खास बात तो ये है कि 9 नवंबर के बाद से चांदी के दाम में 34,500 रुपए प्रति किलोग्राम की गिरावट देखने को मिल चुकी है. 9 नवंबर को चांदी के दाम 1,92,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर थे. तब दिल्ली में चांदी के दाम में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला था.
विदेशी बाजारों में 14 महीने के लो पर सोना चांदी
यह बिकवाली केवल घरेलू बाजारों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि विदेशी बाजारों में भी दोनों कीमती धातुओं पर लगातार दबाव बना रहा. वैश्विक बाजारों में, स्पॉट गोल्ड 38.99 डॉलर गिरकर 3,586.32 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी लगभग 1 प्रतिशत गिरकर 42.62 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. निवेशक लगातार अपनी पोजीशन कम कर रहे हैं, जिससे इन धातुओं में गिरावट का सिलसिला जारी है. दोनों कीमती धातुएं सितंबर 2025 के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई हैं. विश्लेषकों का कहना है कि यह गिरावट बुलियन निवेशकों के लिए एक और बड़ा झटका है, क्योंकि बिकवाली रुकने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं.