AutoSweep FD: अक्सर लोग इस उलझन में रहते हैं कि वे अपना पैसा सेविंग अकाउंट में रखें या उसकी फिक्स्ड डिपॉजिट करा दें. सेविंग खाते में पैसा रखने का फायदा ये होता है कि आप उसे जब चाहें निकाल सकते हैं, लेकिन उस पर ब्याज बहुत कम मिलता है. वहीं दूसरी तरफ, एफडी में ब्याज तो अच्छा मिलता है, लेकिन इमरजेंसी में पैसा निकालने के लिए पूरी एफडी तोड़नी पड़ती है. बैंक ग्राहकों की इसी परेशानी को दूर करने के लिए एक खास सुविधा देते हैं, जिसे ऑटोस्वीप एफडी कहा जाता है.

बाजार में अलगअलग बैंक इसे स्वीपइन एफडी या फ्लेक्सी एफडी जैसे नामों से भी जानते हैं. ये बैंक की एक ऐसी स्मार्ट व्यवस्था है, जिसमें आपके सेविंग अकाउंट में एक तय सीमा से ज्यादा जमा होने वाली रकम अपने आप एफडी में बदल जाती है. इससे आपको सामान्य सेविंग खाते की तुलना में बेहतर ब्याज मिलने लगता है. इसकी सबसे बड़ी खूबी ये है कि जब आपको पैसे की जरूरत पड़ती है, तो पूरी एफडी तुड़वाने की नौबत नहीं आती. आप जितनी रकम निकालते हैं, सिर्फ उतने ही हिस्से की एफडी टूटती है और बाकी बचे पैसे पर एफडी का ब्याज लगातार मिलता रहता है.
कैसे काम करती है ऑटोस्वीप एफडी की पूरी गणित
इसे एक आसान उदाहरण से समझा जा सकता है. मान लीजिए आपके सेविंग अकाउंट में 1 लाख रुपये जमा हैं और आपने बैंक को खाते में 50,000 रुपये का न्यूनतम बैलेंस रखने का निर्देश दिया है. ऐसे में तय सीमा से ऊपर के 50,000 रुपये ऑटोस्वीप के जरिए अपने आप एफडी में चले जाएंगे. अब अगर कुछ समय बाद आपको अचानक 10,000 रुपये की जरूरत पड़ जाती है, तो आप आसानी से ये रकम निकाल सकते हैं.
बैंक आपके एफडी अकाउंट से सिर्फ 10,000 रुपये निकालकर सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर कर देगा. इसके बाद भी आपके बाकी 40,000 रुपये एफडी में सुरक्षित रहेंगे और उन पर पहले की तरह ब्याज मिलता रहेगा. यहां ऑटोस्वीप और स्वीपइन एफडी के बीच का फर्क समझना भी जरूरी है. ऑटोस्वीप एफडी में सेविंग खाते का अतिरिक्त बैलेंस खुदबखुद एफडी में ट्रांसफर हो जाता है. वहीं, स्वीपइन एफडी में आपकी पहले से मौजूद किसी एफडी को सेविंग अकाउंट से लिंक किया जाता है, ताकि जरूरत पड़ने पर उसी एफडी से पैसा निकाला जा सके.
सामान्य एफडी के मुकाबले कितनी अलग है ये सुविधा
अगर सामान्य एफडी और ऑटोस्वीप एफडी की तुलना की जाए, तो दोनों में ब्याज तो बैंक की लागू एफडी दर के हिसाब से ही मिलता है, लेकिन काम करने के तरीके में बड़ा फर्क है. सामान्य एफडी में आपको खुद मैनुअल तरीके से पैसा जमा करना पड़ता है, जबकि ऑटोस्वीप में अतिरिक्त बैलेंस ऑटोमैटिक तरीके से जमा होता है.
लिक्विडिटी के मामले में भी ऑटोस्वीप एफडी बाजी मार लेती है. सामान्य एफडी में समय से पहले पैसे की जरूरत पड़ने पर पूरी एफडी तोड़नी पड़ सकती है, जिससे लिक्विडिटी कम रहती है. इसके उलट, ऑटोस्वीप एफडी में जरूरत के हिसाब से आंशिक रकम निकाली जा सकती है और बाकी जमा राशि एफडी में ही बनी रहती है. यही वजह है कि इसमें लिक्विडिटी अपेक्षाकृत काफी ज्यादा होती है.
ब्याज दर, पेनल्टी के नियम समझना है जरूरी
ऑटोस्वीप के तहत बनने वाली एफडी पर बैंक की लागू एफडी ब्याज दर ही मिलती है, लेकिन इस एफडी की अवधि बैंक अपने हिसाब से तय कर सकता है. निकासी के नियमों को लेकर हर बैंक की शर्तें अलग हो सकती हैं. कुछ बैंक आंशिक निकासी पर कोई जुर्माना नहीं लेते, जबकि कुछ बैंकों में प्रीमैच्योर विड्रॉल पेनल्टी लग सकती है. ये भी संभव है कि बैंक निकाली गई रकम पर ब्याज की गणना वास्तविक अवधि और अपने नियमों के अनुसार करे.
पैसे की निकासी के समय बैंक LIFO या FIFO का नियम अपना सकते हैं. उदाहरण के लिए, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में ऑटोस्वीप एफडी पर कुछ शर्तों के तहत प्रीमैच्योर निकासी करने पर कोई पेनल्टी नहीं लगती. दूसरी तरफ, बैंक ऑफ बड़ौदा की फ्लेक्सी एफडी में लागू प्रीमैच्योर क्लोजर नियमों के मुताबिक पेनल्टी लग सकती है.
देश के किन बैंकों में मिलती है ये खास स्कीम
- एसबीआई : मल्टी ऑप्शन डिपॉजिट स्कीम
- एचडीएफसी बैंक: स्वीपइन फैसिलिटी
- आईसीआईसीआई बैंक: मनी मैक्सिमाइजर फैसिलिटी
- एक्सिस बैंक: एनकैश 24
- कोटक महिंद्रा बैंक: एक्टिव मनी
- बैंक ऑफ बड़ौदा: फ्लेक्सी फिक्स्ड डिपॉजिट
- पंजाब नेशनल बैंक : स्वीप इन/आउट फैसिलिटी
- आईडीएफसी फर्स्ट बैंक: ऑटोस्वीप एफडी
- इंडसइंड बैंक: ऑटोस्वीप एफडी
- एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक: स्वीपइन फैसिलिटी
- बैंक ऑफ इंडिया: स्टार स्वीप
- डीबीएस बैंक: स्वीप इन/आउट फैसिलिटी
क्या आपको ऑटोस्वीप एफडी की सुविधा लेनी चाहिए?
अब सवाल ये उठता है कि क्या आपको ऑटोस्वीप एफडी की सुविधा लेनी चाहिए. ये विकल्प एक अच्छे इमरजेंसी फंड के रूप में काम कर सकता है और हालफिलहाल के लिए सेविंग मैनेजमेंट का एक उपयोगी तरीका है. हालांकि, अपना पूरा इमरजेंसी फंड इसमें रखने से पहले संबंधित बैंक की निकासी की शर्तें और ब्याज दर को ध्यान से जरूर देख लें. अगर आपके सेविंग खाते में अक्सर अतिरिक्त पैसा पड़ा रहता है, आपको कभी भी अचानक पैसों की जरूरत पड़ सकती है और आप पूरा पैसा लॉक किए बिना बेहतर ब्याज कमाना चाहते हैं, तो आपके लिए ये सुविधा काफी फायदेमंद साबित हो सकती है.