Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक परिवार की शादी की खुशियां अचानक गहरे मातम में तब्दील हो गईं. सीबीगंज थाना क्षेत्र के बादशाह नगर में शनिवार सुबह 22 वर्षीय युवक का गोली लगा शव आबादी के पास एक खाली खेत में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला. जिस घर में शुक्रवार रात तक मंडप की दावत चल रही थी और आज तहेरे भाई की बारात जानी थी, वहां अब चीखपुकार मची हुई है. घटनास्थल पर मृतक की काली स्प्लेंडर बाइक भी खड़ी मिली है, जिसकी टंकी पर एक इंस्टाग्राम आईडी लिखी हुई थी. जब पुलिस और स्थानीय लोगों ने उस सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाला, तो मौत से करीब 21 घंटे पहले डाली गई एक बेहद भावुक और चौंकाने वाली स्टोरी सामने आई, जिसने पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है.

मृतक की पहचान बादशाह नगर निवासी भूपराम मौर्य के बड़े बेटे मिथुन मौर्य के रूप में हुई है. मिथुन दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था. परिवार में उसकी 17 वर्षीय बहन ममता और 15 वर्षीय छोटा भाई अनिकेत हैं. शनिवार सुबह खेत में झाड़ियों के बीच मिथुन का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
शव के पास खड़ी काली स्प्लेंडर बाइक की टंकी पर sankiiii.saini.007 नाम की इंस्टाग्राम आईडी लिखी हुई थी. पुलिस और लोगों ने जब इस अकाउंट को देखा, तो उस पर मौत से करीब 21 घंटे पहले डाली गई एक स्टोरी मिली. इसमें जलती हुई चिता का वीडियो लगा था और उसके साथ लिखा था “ये मैं आखिरी हूं… मेरे बाद मैं नहीं मिलेगा.”
हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच
शुरुआत में गोली लगा शव मिलने से इसे हत्या माना जा रहा था, लेकिन इस आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट ने आत्महत्या की आशंका को भी प्रबल कर दिया है. हालांकि, मिथुन ने खुद को गोली मारी या किसी ने उसकी हत्या की, यह अभी स्पष्ट नहीं है.
आज जानी थी तहेरे भाई विष्णु की बारात
मिथुन के परिवार में उसके तहेरे भाई विष्णु की शादी थी. शुक्रवार को मंडप की दावत में तमाम रिश्तेदारों और परिचितों ने शिरकत की थी और घर की छत पर शादी का टेंट सजा हुआ था. शनिवार 14 नवंबर को बारात निकलनी थी, लेकिन उससे पहले ही घर के बड़े बेटे की मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया. सूचना मिलते ही सीबीगंज थाना पुलिस और सीओ सेकेंड नितिन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से खून के नमूने, बाइक और अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया अकाउंट की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि घटना के वक्त मिथुन के साथ कोई और था या नहीं और उसने यह पोस्ट क्यों डाली.