हाइवे पर गाड़ी चलाने का अपना ही मजा है. शहर के ट्रैफिक से बाहर निकलते ही जब गाड़ी की रफ्तार 80 के पार जाती है, तो सफर सुहाना हो जाता है. लेकिन, खुले हाइवे पर लंबे ट्रक, बसें और कई बार गलत दिशा से आ रहे वाहन बड़ा खतरा बन सकते हैं. थोड़ी सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है. सड़क मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, देश के ज्यादातर बड़े हादसे राष्ट्रीय राजमार्गों पर ही होते हैं. अगर आप अपना सफर सुरक्षित और बिना तनाव के पूरा करना चाहते हैं, तो इन बातों का हमेशा ध्यान रखें.

सफर से पहले गाड़ी की जांच करें
घर से निकलने से पहले अपनी के टायर की हवा, ब्रेक, वाइपर और स्टेपनी जरूर जांच लें. कूलेंट और पानी का स्तर सही रखें. इसके अलावा, गाड़ी के सभी जरूरी कागजात अपने साथ जरूर रखें.
लेन के नियमों का पक्का पालन करें
पर हमेशा अपनी तय लेन में गाड़ी चलाएं. बाईं लेन सामान्य रफ्तार के लिए और दाईं लेन सिर्फ आगे निकलने के लिए होती है. अचानक लेन बदलने से बचें. अगर आगे वाला वाहन साइड न दे, तो हल्के से हॉर्न या हेडलाइट डिपर का इस्तेमाल करें.
सुरक्षित दूरी बनाकर रखें
आगे चल रही गाड़ी से हमेशा कम से कम 3 सेकंड की दूरी रखें. अगर रात का समय है या बारिश हो रही है, तो इस दूरी को बढ़ाकर 4 से 5 सेकंड कर दें, ताकि अचानक ब्रेक लगाने पर टक्कर न हो.
मौसम के हिसाब से रफ्तार रखें
सड़क पर लिखी स्पीड लिमिट साफ मौसम के लिए होती है. बारिश, कोहरे या रात के समय गाड़ी की रफ्तार 1520 किमी प्रति घंटा कम कर लें और कोहरे में फॉग लाइट्स जरूर जलाएं.
बड़े वाहनों से सुरक्षित दूरी रखें
ट्रक और बसों के ‘ब्लाइंड स्पॉट’ बड़े होते हैं. इन्हें ओवरटेक करते समय हमेशा हॉर्न या डिपर देकर अपनी मौजूदगी का अहसास कराएं.
रात में डिपर का सही इस्तेमाल करें
अंधेरा होने से पहले लाइट ऑन कर लें. सामने से गाड़ी आते समय हमेशा लो बीम का इस्तेमाल करें ताकि सामने वाले ड्राइवर की आंखों पर तेज रोशनी न पड़े.
पेट्रोल और रेस्ट की पहले से योजना बनाएं
लंबे सफर पर निकलने से पहले पेट्रोल पंप और ढाबों की जानकारी रख लें, क्योंकि कई बार सुनसान रास्तों पर रात में दुकाने बंद मिल सकती हैं.
गाड़ी खराब होने पर क्या करें?
अगर कभी सफर के दौरान गाड़ी खराब हो जाए, तो उसे सड़क से पूरी तरह नीचे उतारकर साइड में लगाएं. चारों इंडिकेटर ऑन करें और गाड़ी से 50 मीटर पीछे रिफ्लेक्टिव ट्राइंगल रखें. सभी यात्रियों को गाड़ी से बाहर निकालकर सड़क से दूर सुरक्षित जगह पर खड़ा करें.