Karnataka Missing Woman:कर्नाटक के मांड्या जिले में 7 साल पहले लापता हुई महिला जिंदा मिली है। परिवार उसे मृत मान चुका था। उसकी हत्या के आरोप में एक निर्दोष व्यक्ति को दो साल से ज्यादा जेल में बिताने पड़े। हैरानी की बात यह है कि जिस राजेश पर महिला की हत्या का आरोप लगा था, उसी ने उसे खोज निकाला। महिला ने सामने आने के बाद राजेश को बेकसूर बताया है। अब मामले की जांच में लापरवाही को लेकर पुलिस अधिकारी की भूमिका की जांच के आदेश दिए गए हैं।

मर्जी के खिलाफ शादी से नाराज होकर छोड़ा घर
यह मामला 3 जुलाई 2019 का है। मांड्या के पांडवपुरा की रहने वाली मंजू अपनी मर्जी के खिलाफ शादी कराए जाने के कारण घर छोड़कर चली गई थी। बस स्टैंड पर उसने राजेश से मोबाइल फोन मांगा, ताकि प्रेमी से शादी के लिए निकलने से पहले घर पर जरूरी कॉल कर सके। मंजू के वापस नहीं लौटने पर पिता नागराजू ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को उसकी आखिरी कॉल राजेश के नंबर पर मिली। 2021 में मामला अनसुलझा मानकर बंद कर दिया गया।
पिता ने राजेश पर लगाया हत्या का आरोप
11 अगस्त 2021 को नागराजू ने अनंतपद्मनाभ और गुरुकुमार के दावों के आधार पर नई शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया गया कि राजेश ने मंजू का अपहरण कर हत्या की और शव कावेरी नदी में फेंक दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तत्कालीन इंस्पेक्टर प्रभाकर की जांच में राजेश को गिरफ्तार कर लिया। गवाहों के बयान और कथित कबूलनामे के आधार पर चार्जशीट दाखिल की गई, जबकि पुलिस को कोई शव नहीं मिला था।
दो साल से ज्यादा जेल में रहा राजेश
राजेश करीब दो से ढाई साल तक न्यायिक हिरासत में रहा। बाद में पिता और वकील की मदद से उसे जमानत मिल गई। बाहर आने के बाद भी वह खुद को निर्दोष बताता रहा। उसकी कानूनी टीम ने अपने स्तर पर मंजू की तलाश शुरू की और मांड्या के नागमंगल इलाके के पास उसे उसके पति के साथ खोज निकाला।
महिला ने राजेश को बताया बेकसूर
राजेश के वकील ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बिंदीगानाविले पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ और मंजू की है। मांड्या की SP शोभा रानी ने जांच में गंभीर चूक स्वीकार की है। उन्होंने DySP को पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, बिना शव मिले हत्या की चार्जशीट दाखिल करने के सवाल पर उन्होंने तत्काल टिप्पणी नहीं की।