Karnataka News: बेंगलुरु के राजाजीनगर में एक ही परिवार के 7 सदस्यों की निर्मम हत्या करने वाले साइको किलर इंदुशेखर और उसकी नाबालिग बेटी को लेकर चौंकाने वाले नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि 15 दिनों के भीतर 7 कत्ल को अंजाम देने के बाद आरोपी किस कदर बेखौफ होकर शवों को ठिकाने लगा रहा था. इतना ही नहीं, इस आपराधिक परिवार की खौफनाक पृष्ठभूमि का भी खुलासा हुआ है. आरोपी इंदुशेखर का भाई भी दोहरे हत्याकांड के जुर्म में जेल में बंद है. आरोपी इंदुशेखर ने शवों को ले जाने के लिए जिस टोयोटा एटियोस कार का इस्तेमाल किया, उस पर ‘PRESS’ का बड़ा स्टिकर और बम्पर के ऊपर एक अखबार का बैनर चिपका रखा था.

उसका मानना था कि होसुर बॉर्डर और अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पार करते समय ‘प्रेस’ की गाड़ी समझकर पुलिस चेकिंग नहीं करेगी और वह आसानी से सीमा पार कर जाएगा. जब्त कार की तलाशी के दौरान पुलिस को अंदर से चंदन की खुशबू वाले इत्र और गुलाब जल की कई बोतलें बरामद हुई हैं. पुलिस को संदेह है कि कार की डिग्गी में रखे शवों से उठने वाली दुर्गंध को दबाने के लिए वह सफर के दौरान इत्र और गुलाब जल का छिड़काव करता था.
POCSO की फर्जी धमकी देकर करता था ब्लैकमेल
पुलिस द्वारा जब्त की गई इस टोयोटा एटियोस कार पर यातायात नियमों के उल्लंघन के कुल 14,900 रुपये के पेंडिंग चालान दर्ज हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इंदुशेखर अपनी नाबालिग बेटी का इस्तेमाल लोगों को डरानेधमकाने और ब्लैकमेल करने के लिए एक हथियार की तरह करता था. यदि कोई भी व्यक्ति उसके गलत व्यवहार पर सवाल उठाता या विवाद करता, तो वह तुरंत बेटी के जरिए POCSO एक्ट के तहत फर्जी केस दर्ज कराने की धमकी देने लगता था.
पिछले साल भी घर के पास पार्किंग को लेकर हुए विवाद में इंदुशेखर ने एक स्थानीय ड्राइवर के खिलाफ बेटी से POCSO की शिकायत कराने की धमकी दी थी. हालांकि, उस समय पुलिस ने हस्तक्षेप कर जब दोनों से पूछताछ की, तो आरोप पूरी तरह निराधार पाए गए थे और पुलिस ने दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया था.
आरोपी का भाई भी 2 लोगों का कत्ल कर जेल में है बंद
बेंगलुरु पुलिस की तफ्तीश में यह सनसनीखेज पहलू भी सामने आया है कि हत्याओं का यह सिलसिला सिर्फ इंदुशेखर तक सीमित नहीं है. उसका अपना भाई भी दो लोगों की हत्या के जुर्म में अदालत द्वारा दोषी ठहराया जा चुका है और वर्तमान में जेल में सजा काट रहा है.