Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले स्थित हरनौत थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने निकले 5 दोस्तों की मोटरसाइकिल अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर एनएच के डिवाइडर से टकरा गई. हादसा इतना दर्दनाक था कि 3 किशोरों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हैं. मृतकों में आदर्श नगर निवासी दो सगे भाई भी शामिल हैं. एक ही परिवार के दो चिराग बुझने से परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है.

मंगलवार रात पांचों दोस्त घर के पास पटाखे फोड़ रहे थे. इसके बाद वे अचानक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर हरनौत से गोनावां रोड की ओर घूमने निकल गए. हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच पर पिलर संख्या 51 के पास बाइक चला रहे गौतम कुमार के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया. उसे बचाने के चक्कर में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार बाइक सीधे डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार पांचों दोस्त उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए.
मृतकों की पहचान
- गौतम कुमार निवासी: सबनहुआडीह गांव .
- अभिमन्यु उर्फ मनु निवासी: आदर्शनगर, हरनौत.
- अनीश कुमार निवासी: आदर्शनगर, हरनौत .
घायलों को पहले कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गौतम और अभिमन्यु को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल अनीश, अमित और रवि को बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान छोटे भाई अनीश की भी मौत हो गई. हादसे में घायल अमित कुमार और रवि कुमार का इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है.
किराना व्यवसायी के घर टूचा दुखों का पहाड़; पुलिस जांच में जुटी
आदर्शनगर निवासी मृतक भाइयों के पिता हरनौत बाजार में किराना दुकान चलाते हैं. मृतक गौतम कुमार भी इसी दुकान पर काम करता था. दो बेटों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हरनौत के थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.