Leftover Rice Recipes: अक्सर घरों में रात के खाने के बाद चावल बच जाते हैं। कई बार लोग इन बचे हुए चावलों को सुबह फेंक देते हैं या फिर दोबारा गर्म करके या फ्राई करके खा लेते हैं। ऐसे में हर बार चावल फ्राई करके खाना या दोबारा गर्म करके खाना घरवालों को पसंद नहीं आता है। तो आप उस बचे हुए चावल से और भी स्वादिष्ट और झटपट बनने वाली डिश तैयार कर सकते है। इनसे आप सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की चाय तक के लिए टेस्टी स्नैक्स बना सकते हैं। खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए आपको ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। आइए जानते हैं कि रात के बचे हुए चावलों से आप कौनकौन सी 4 स्वादिष्ट डिश बना सकते हैं।

चावल से तैयार कर सकते हैं ये स्वादिष्ट 4 डिश
ऐसे बनाएं चावल के पकौड़े
अगर आपको सुबह नाश्ते में कुछ कुरकुरा और चटपटा खाना पसंद है, तो बचे हुए चावलों से पकौड़े बना सकते हैं। इसके लिए एक बर्तन में बचे हुए चावल लें। इसमें बेसन, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, लाल मिर्च और थोड़ा सा अजवाइन डालकर अच्छी तरह मिला लें। जरूरत के हिसाब से थोड़ा पानी डालें और मिश्रण तैयार करें।
अब कड़ाही में तेल गर्म करके छोटेछोटे पकौड़े डालें और सुनहरा होने तक तल लें। इन्हें हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें।
बना सकते हैं चावल का चीला
अगर आप सुबह हल्का और स्वादिष्ट नाश्ता करना चाहते हैं, तो चावल का चीला भी बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए बचे हुए चावलों को मिक्सर में थोड़ा दही या पानी डालकर पीस लें। अब इसमें बेसन, बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया और नमक मिलाएं।
तवा गर्म करके थोड़ा तेल लगाएं और इस मिश्रण को चीले की तरह फैलाएं। दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें। इसे हरी चटनी या दही के साथ खा सकते हैं।
ऐसे बना सकते हैं चावल की टिक्की?
शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मन है, तो बचे हुए चावलों से टिक्की बना सकते हैं। इसके लिए चावलों में उबले हुए आलू, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, धनिया, नमक, लाल मिर्च और थोड़ा सा ब्रेड क्रम्ब्स मिलाएं। अब इस मिश्रण से छोटीछोटी टिक्कियां बना लें। तवे पर थोड़ा तेल डालकर इन्हें दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। तैयार टिक्कियों को हरी चटनी के साथ परोसें।
चावलों से बना सकते हैं लेमन राइस
अगर आपको खट्टाचटपटा स्वाद पसंद है, तो रात के बचे हुए चावलों से लेमन राइस तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, करी पत्ता, मूंगफली, हरी मिर्च और थोड़ी हल्दी डालकर तड़का लगाएं। अब इसमें चावल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आखिर में स्वादानुसार नमक और नींबू का रस डालें। सभी चीजों को मिलाकर 2 से 3 मिनट तक पकाएं। आपका स्वादिष्ट लेमन राइस तैयार है।