Saharanpur Accident: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली रोड पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर और स्विफ्ट कार की आमनेसामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. टक्कर के दौरान वहां से गुजर रहा एक साइकिल सवार भी दोनों वाहनों की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. ये हादसा किसी ने अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया.

हादसे के दौरान दोनों कारों के एयरबैग खुलने से उनमें सवार लोगों की जान बच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली रोड पर दोनों कारों की रफ्तार बहुत तेज थी. इसी दौरान स्विफ्ट कार सामने से आ रही फॉर्च्यूनर से टकरा गई. दोनों कारों के टकराने के बाद बहुत तेज आवाज हुई. इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
फॉर्च्यूनर उछलकर करीब 15 फीट दूर जा गिरी
बताया जा रहा है कि स्विफ्ट से टकराने के बाद फॉर्च्यूनर उछलकर करीब 15 फीट दूर जा गिरी. दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. इसी दौरान वहां से साइकिल सवार गुजर रहा था. वो भी हादसे की चपेट में आ गया. उसे गंभीर चोटें आई हैं. जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. हादसे के दौरान दोनों कारों के एयरबैग खुल गए. एयरबैग ने दोनों कारों में बैठे लोगों को गंभीर चोटें लगने से बचाया. एयरबैग खुलने के कारण कार सवारों की जान बच गई.
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मची
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई. इस हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति का जायजा लिया गया. घायल साइकिल सवार को जिला अस्पताल भिजवाया गया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी में तेज स्पीड को हादसे का कारण माना जा रहा है. पुलिस दोनों वाहनों के बारे में जानकारी जुटा रही है. हादसे की जांच जारी है.