भारतीय शेयर बाजार में दिवाली के त्योहारी हफ्ते की शुरुआत किसी बड़ी पार्टी से कम नहीं रही. सोमवार को बाजार खुलते ही दलाल स्ट्रीट पर चौतरफा खरीदारी का माहौल बना. कारोबार खत्म होने पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 1,233.25 अंक यानी 1.66 प्रतिशत की बड़ी छलांग लगाकर 75,692.78 पर बंद हुआ. वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 387.70 अंक यानी 1.68 प्रतिशत चढ़कर 23,440.80 के स्तर पर पहुंच गया.

एक दिन में निवेशकों ने कमाए 8 लाख करोड़ रुपये
बाजार में आई इस तूफानी तेजी से हफ्ते के पहले ही दिन निवेशकों की झोली भर गई. बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज बढ़कर 4,82,41,458.47 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को 4,74,37,038.61 करोड़ रुपये था. इस तरह एक ही दिन के कारोबार में बीएसई के मार्केट कैप में 8,04,419.86 करोड़ रुपये का भारी इजाफा हुआ है. बाजार की भाषा में कहें तो सोमवार की इस तेजी से निवेशकों ने एक ही दिन में 8 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की तगड़ी कमाई कर ली है.
निफ्टी ने तोड़ा पांच महीने का रिकॉर्ड
सोमवार को बाजार में आई ये तेजी कई मायनों में यादगार रही. दोनों प्रमुख इंडेक्स डेढ़ फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुए. निफ्टी में 12 जून के बाद यानी करीब 5 महीने की सबसे बड़ी इंट्राडे तेजी देखने को मिली है. इस उछाल के बदौलत निफ्टी 23 सितंबर के बाद के सबसे ऊपरी स्तर पर पहुंच गया, जो इसका 6 हफ्ते का हाई है. बैंकिंग शेयरों ने भी इस पार्टी में पूरा साथ दिया, जिससे बैंक निफ्टी 55,000 के पार बंद होने में कामयाब रहा. पूरे दिन के कारोबार में लगभग 2668 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1469 शेयरों में गिरावट आई. 162 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ. उधर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया भी मामूली बढ़त के साथ 94.90 पर बंद हुआ, जो इससे पहले 94.95 पर बंद हुआ था.
रिलायंस के शेयरों ने कराई बंपर कमाई
निवेशकों को 8 लाख करोड़ रुपये कमाकर देने वाली इस तेजी का सबसे बड़ा इंजन रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर रहा. तिमाही नतीजों के बाद देश की इस मोस्ट वैल्यूएबल कंपनी के शेयर पर निवेशक टूट पड़े. बीएसई पर पिछले सत्र में ये शेयर 1163.55 रुपये पर बंद हुआ था. सोमवार को बाजार खुलते ही ये 7 फीसदी से ज्यादा उछलकर 1227.40 रुपये पर खुला. शुरुआती कारोबार में ही ये 1251.90 रुपये तक पहुंच गया. बाजार बंद होतेहोते इसके शेयर रॉकेट बन गए. आखिर में ये 11.60 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ 1300 रुपये पर बंद हुआ.
तिमाही नतीजों से बाजार में आया जोश
बाजार की इस दिवाली पार्टी के पीछे कंपनियों के शानदार तिमाही नतीजे हैं. MOFSL की रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक आए दूसरी तिमाही के नतीजे बाजार के अनुमान के मुताबिक ही रहे हैं. महंगे कच्चे माल, मैक्रो चुनौतियों के बावजूद कंपनियों में चौतरफा ग्रोथ दिखी है. MOFSL की कवरेज वाली कंपनियों में पिछले 12 तिमाहियों में सबसे ज्यादा ग्रोथ देखने को मिली है. अब तक निफ्टी की 35 कंपनियों के नतीजे आ चुके हैं, जिनमें 22 प्रतिशत ग्रोथ रहने का अनुमान है. इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, कोल इंडिया, एक्सिस बैंक का बड़ा योगदान है.
स्मॉलकैप कंपनियों का रहा जलवा
सेक्टर के हिसाब से देखें तो बीएफएसआई, मेटल्स, तेलगैस कंपनियों में ज्यादा ग्रोथ रही है. सिर्फ हेल्थकेयर, सीमेंट सेक्टर का प्रदर्शन कमजोर रहा है. वहीं कैटेगरी के मोर्चे पर स्मॉलकैप कंपनियों ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जिनके नतीजों में 34 प्रतिशत की ग्रोथ है. इसके बाद लार्जकैप कंपनियों में 30 प्रतिशत, मिडकैप में 26 प्रतिशत ग्रोथ दिखी है. सभी कैटेगरी की कंपनियों के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे हैं. कुल 43 प्रतिशत कंपनियों का मुनाफा अनुमान से बेहतर रहा है, जबकि 24 प्रतिशत कंपनियों का मुनाफा उम्मीद से कम रहा है.