ग्लोबल वित्तीय कंपनियों गोल्डमैन सैक्स और सोसाइटी जनरल ने चश्मा बेचने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में करीब 920 करोड़ रुपए में संयुक्त रूप से 0.73 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है. यह खरीद अलगअलग थोक सौदों के जरिए की गई. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, दोनों निवेशकों ने सोमवार को कुल 1,26,97,702 शेयर खरीदे, जो लेंसकार्ट की 0.73 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर ये डील किस तरह से हुई है.

कुछ इस तरह हुई डील
गुरुग्राम स्थित लेंसकार्ट के 65.21 लाख शेयर गोल्डमैन सैक्स ने अपनी सहयोगी कंपनियों के जरिए खरीदे, जबकि फ्रांस की वित्तीय सेवा कंपनी सोसाइटी जनरल ने 725 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर 61.76 लाख शेयर खरीदे. इन सौदों का कुल मूल्य 920.58 करोड़ रुपए रहा. दूसरी ओर, सैन फ्रांसिस्को स्थित स्टीडव्यू कैपिटल मैनेजमेंट ने अपनी दो सहयोगी कंपनियों के जरिए इतनी ही संख्या में शेयर इसी कीमत पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में बेचे. इस हिस्सेदारी बिक्री के बाद वैश्विक निवेश कंपनी स्टीडव्यू की लेंसकार्ट में हिस्सेदारी 3.31 प्रतिशत से घटकर 2.58 प्रतिशत रह गई है.
कंपनी के शेयरों में आई गिरावट
इससे पहले सोमवार को कंपनी के शेयर में 4 फीसदी की गिरावट देखने को मिली और 714.30 रुपए पर बंद हुआ. वैसे कंपनी का शेयर 711.15 रुपए के साथ दिन के लोअर लेवल पर चला गया था. सोमवार को आई गिरावट के बावजूद, 2026 में अब तक लेंसकार्ट सॉल्यूशंस के शेयरों में 63.5 प्रतिशत की तेजी आई है. यह प्रदर्शन बेंचमार्क निफ्टी 50 इंडेक्स से काफी बेहतर है, जिसमें इसी अवधि के दौरान 2.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है. कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपए रहा.