Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर जिले में मंगलवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. यहां एक युवक अपने दोस्त की पत्नी के प्यार में इस कदर पड़ गया कि शादी की जिद लेकर हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया. युवक ने टावर से नीचे उतरने से इनकार कर दिया और अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा. इस घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया. मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. काफी देर तक चले समझानेबुझाने के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया.

दोस्त की पत्नी से करना चाहता था शादी
पूरा मामला धनघटा थाना क्षेत्र के दुघरा कला गांव का है. गांव का एक युवक अपने ही दोस्त की पत्नी से प्रेम करने लगा था. बताया जा रहा कि युवक महिला से शादी करना चाहता था. इसी बात को लेकर उसने मंगलवार को ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पूरे गांव में अफरातफरी मच गई. युवक अचानक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया. उसे टावर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई. लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा.
प्रेमिका को बुलाने की रखी शर्त
टावर पर चढ़े युवक ने साफ कह दिया कि जब तक उसकी प्रेमिका मौके पर नहीं आएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा. वह लगातार महिला को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा. युवक की इस हरकत से गांव में काफी देर तक तनाव और अफरातफरी का माहौल बना रहा.
पुलिस ने समझाकर युवक को नीचे उतारा
घटना की सूचना मिलते ही धनघटा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की. बताया जा रहा कि पुलिस महिला को भी मौके पर बुलाने का प्रयास कर रही थी, ताकि युवक को समझाया जा सके. काफी देर तक चली मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाबुझाकर सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया. इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. युवक के नीचे उतरने के बाद मौके पर जुटी भीड़ भी शांत हुई.