Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. घर में रखे गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए हादसे में पिता और उनके बेटे की झुलसकर मौत हो गई. वहीं सिलेंडर ब्लास्ट में एक छोटा बच्चा भी घायल हो गया. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय वीरपाल सिंह और उनके 22 वर्षीय बेटे अभिषेक के रूप में हुई है.

हैरानी की बात यह है कि परिवार में महज कुछ दिन बाद ही शादी होनी थी. 2 दिसंबर को वीरपाल सिंह की बेटी की शादी तय थी. घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं. पिता और बेटा दोनों मिलकर शादी की व्यवस्था में जुटे हुए थे. परिवार के लोग रिश्तेदारों के आने और शादी की रस्मों की तैयारी कर रहे थे. इसी बीच हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
शादी की तैयारियों के बीच लगी सिलेंडर में आग
जानकारी के मुताबिक, दयानतपुर गांव में वीरपाल सिंह के घर में बेटी की शादी को लेकर उत्साह का माहौल था. शादी की तारीख नजदीक आने के कारण घर में लगातार तैयारियां चल रही थीं. वीरपाल सिंह अपने बेटे अभिषेक के साथ इन्हीं तैयारियों में व्यस्त थे. इसी दौरान घर में रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई. इसके बाद हुए हादसे में पिता और बेटा गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद दोनों को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इस घटना में एक छोटा बच्चा भी घायल हो गया.
जिस घर में बजनी थीं शहनाइयां, वहां छाया मातम
जिस घर में कुछ दिन बाद शादी के गीत गूंजने वाले थे, वहां अब चीखपुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है. बेटी की शादी से पहले पिता और भाई की मौत ने परिवार की खुशियां छीन ली हैं. घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे. इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है. फिलहाल पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.