भारत के कार मार्केट के लिए साल 2026 का त्योहारी सीजन काफी शानदार रहा है. नवरात्रि से लेकर धनतेरस और दिवाली तक लोगों ने जमकर नई गाड़ियां खरीदीं. फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 42 दिनों के त्योहारी सीजन में देशभर में कुल 55,25,490 वाहनों की बिक्री हुई. पिछले साल इसी दौरान 54,05,956 वाहन बिके थे. यानी इस बार बिक्री में 2.21 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, 2024 के मुकाबले बिक्री 23.95 प्रतिशत ज्यादा रही.

इस बार सबसे खास बात इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री रही, जिसने पहली बार 5 लाख का आंकड़ा पार कर लिया. हालांकि, नवरात्रि में बाजार की शुरुआत थोड़ी धीमी रही थी, लेकिन धनतेरस और दिवाली पर ग्राहकों की खरीदारी ने बिक्री को नई रफ्तार दे दी.
बाइक और कमर्शियल गाड़ियों की खूब हुई बिक्री
त्योहारी सीजन में सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन बिके. इस दौरान कुल 43,13,276 बाइक और की बिक्री हुई, जो पिछले साल के मुकाबले 3.67 प्रतिशत ज्यादा है. तीन पहिया वाहनों की बिक्री भी 5.32 प्रतिशत बढ़कर 1,93,576 यूनिट तक पहुंच गई. वहीं, ट्रक और दूसरे कमर्शियल वाहनों की बिक्री में 7.13 प्रतिशत का इजाफा हुआ और कुल 1,55,761 वाहन बिके.
ट्रैक्टर की बिक्री 2.24 प्रतिशत बढ़कर 1,03,809 यूनिट रही. इसके अलावा, निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की बिक्री में सबसे ज्यादा 26.06 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इस कैटेगरी में 10,452 यूनिट बिकीं.
कारों की बिक्री में क्यों आई गिरावट?
जहां ज्यादातर गाड़ियों की बिक्री बढ़ी, वहीं यानी कारों की बिक्री में गिरावट देखने को मिली. इस त्योहारी सीजन में 7,48,616 पैसेंजर वाहन बिके, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 8,06,322 यूनिट था. यानी बिक्री 7.16 प्रतिशत कम रही. FADA के मुताबिक, पिछले साल GST 2.0 के कारण कारों की बिक्री का आंकड़ा काफी ऊंचा था. इसलिए इस बार तुलना में गिरावट दिखाई दे रही है. नवरात्रि के दौरान कारों की बिक्री 18 प्रतिशत से ज्यादा नीचे थी.हालांकि, धनतेरस और दिवाली पर मांग बढ़ने से यह अंतर काफी कम हो गया.
इलेक्ट्रिक गाड़ियों ने बनाया नया रिकॉर्ड
इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों ने बिक्री के मामले में नया इतिहास रच दिया. त्योहारी सीजन में कुल 5,09,667 इलेक्ट्रिक वाहन बिके. यह पिछले साल के मुकाबले 52.62 प्रतिशत ज्यादा है.अब कुल वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की हिस्सेदारी करीब 9.22 प्रतिशत हो गई है.सबसे ज्यादा मांग इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की रही. इनकी बिक्री 61.10 प्रतिशत बढ़कर 3,30,846 यूनिट पहुंच गई.
वहीं, इलेक्ट्रिक तीन पहिया वाहनों की बिक्री 25.45 प्रतिशत बढ़कर 1,20,330 यूनिट रही. इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल आया. इस दौरान 52,104 इलेक्ट्रिक कारें बिकीं, जो पिछले साल से 72.91 प्रतिशत ज्यादा हैं. सबसे तेज बढ़ोतरी इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों में देखने को मिली. इनकी बिक्री 154.56 प्रतिशत बढ़कर 6,387 यूनिट तक पहुंच गई.