LDA limit Expand: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश के विकास प्राधिकरणों और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं को लेकर कई निर्देश दिए। इसके तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण की सीमा बढ़ाकर पूरे लखनऊ जिले को उसके दायरे में लाने की तैयारी है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों का भी विस्तार किया जाएगा। गाजियाबाद में 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना पर भी काम होगा।

पूरे लखनऊ जिले को LDA में शामिल करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने लखनऊ विकास प्राधिकरण की सीमा का विस्तार करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पूरे लखनऊ जिले को LDA के दायरे में लाने की तैयारी की जाएगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के दूसरे विकास प्राधिकरणों की सीमाओं का भी विस्तार किया जाएगा। लखनऊकानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के आसपास उन्नावशुक्लागंज विकास प्राधिकरण के तहत नियोजित विकास की योजना तैयार की जाएगी।
गाजियाबाद में बनेगा 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम
बैठक में गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित स्टेडियम में 35 से 40 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। इसके निर्माण के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन मिलकर कार्ययोजना तैयार करेंगे।
6 जिलों के विकास का बनेगा मास्टर प्लान
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र की क्षेत्रीय योजना2051 को 30 नवंबर तक अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा।
योजना में हर जिले की जरूरत और संभावनाओं के हिसाब से विकास पर जोर रहेगा। लखनऊ में अर्बन रेजिलिएंस, रायबरेली में डिफेंस इंजीनियरिंग और विनिर्माण, उन्नाव में औद्योगिक विस्तार, बाराबंकी में कृषि उद्योग और ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने की योजना है। वहीं, हरदोई के सण्डीला औद्योगिक कॉरिडोर और सीतापुर के नैमिषारण्य में पर्यटन विकास पर फोकस रहेगा।
2051 तक 4.9 करोड़ हो सकती है राजधानी क्षेत्र की आबादी
बैठक में अनुमान जताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र की आबादी 2051 तक बढ़कर 4.9 करोड़ हो सकती है। इस दौरान शहरीकरण का स्तर भी मौजूदा 29 प्रतिशत से बढ़कर 46 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। इसी को देखते हुए क्षेत्रीय विकास की योजनाओं को समय पर तैयार करने और लागू करने पर जोर दिया गया।
विकास प्राधिकरणों में खाली पदों पर होगी भर्ती
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। हर विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानर की नियुक्ति भी की जाएगी। इसका उद्देश्य शहरों के विस्तार और निर्माण योजनाओं को बेहतर तरीके से नियोजित करना है।