नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन के बीच सरकार ने न्यूनतम मजदूरी बढ़ा दी है। अलग-अलग श्रेणियां में वेतन लगभग तीन हजार रुपये तक बढ़ाए गए है। वेतन में बढ़ोतरी एक उच्च-स्तरीय समिति द्वारा की गई है। योगी सरकार के इस फैसले से फैक्टरी कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। नया आदेश एक अप्रैल से लागू माना जाएगा। सभी कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि सरकार द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार ही कर्मचारियों को वेतन दें।

सरकार की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, नोएडा (गौतमबुधनगर) और गाजियाबाद के अकुशल श्रमिको की सैलरी 11313 से बढ़ाकर 13690 रुपये कर दी गई है। इनमें महंगाई भत्ता भी शामिल है। वहीं, अर्धकुशल मजदूरों की सैलरी 12445 रुपये से बढ़ाकर 15059 रुपये कर दी गई है। जबकि कुशल कामगारों का वेतन 13940 रुपये से बढ़ाकर 16868 रुपये कर दिया गया है।
सरकारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के जिन जिलों में नगर निगम है, वहां पर अकुशल श्रमिकों की सैलरी 11313 से बढ़कर 13006 रुपये होगी। अर्ध कुशल श्रमिकों की सैलरी 12445 से बढ़कर 14306 रुपये जबकि कुशल कामगारों का वेतन 13940 रुपये से बढ़कर 16025 रुपये मिलेगी।
वहीं, अन्य जिलों में अकुशल मजदूरों का वेतन 11313 से बढ़ाकर 12356 रुपये कर दिया गया है। अर्धकुशल श्रमिकों को अब 12445 से 13591 रुपये और कुशल श्रमिकों को 13940 रुपये से बढ़कर 15224 रुपये मिलेगा।





