Jabalpur Crime News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि निर्माणाधीन इमारत में परिवार के साथ सो रही बच्ची को आधी रात अगवा कर लिया गया और उसके साथ गलत काम किया गया. वारदात के दौरान आरोपी ने बच्ची का चेहरा रेत में दबा दिया. बच्ची के रोने की आवाज बंद होने पर आरोपी उसे मृत समझकर फरार हो गया. हालांकि, मासूम की जान बच गई. पुलिस ने इस मामले में दमोह जिले के आशीष पटेल को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं.

आधी रात गायब हुई बच्ची
यह घटना 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात विजय नगर थाना क्षेत्र में हुई. मजदूरी करने वाला एक परिवार निर्माणाधीन इमारत में सो रहा था. रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच परिवार की नींद खुली तो दो साल की बच्ची गायब मिली. बच्ची के अचानक लापता होने से परिजन घबरा गए और उसकी तलाश शुरू कर दी.
तलाश के दौरान बच्ची कुछ दूरी पर स्थित दूसरी निर्माणाधीन इमारत में मिली. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने शुरुआत में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच और मेडिकल परीक्षण के दौरान बच्ची के साथ यौन अपराध होने के संकेत मिले. इसके बाद पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ा दीं.
बच्ची को चुप कराने के लिए रेत में दबाया चेहरा
एडिशनल SP आयुष जाखड़ के मुताबिक, पुलिस ने मुखबिरों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की. इसके बाद आशीष पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की. आरोपी ने बताया कि जब उसे बच्ची के परिजनों की आवाज सुनाई दी तो वह सतर्क हो गया. बच्ची लगातार रो रही थी. उसे चुप कराने के लिए उसका चेहरा रेत में दबा दिया. जब बच्ची ने रोना बंद कर दिया तो उसे मरा हुआ समझकर वहां से भाग गया. हालांकि गनीमत रही कि बच्ची की जान बच गई.
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 11 मामले
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आशीष पटेल जबेरा क्षेत्र का सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें चोरी, घर में घुसकर वारदात करने, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं. जबलपुर की घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास और गृहभेदन समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है. पुलिस अब आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके.
70 साल की महिला पर हमले में भी शक
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य घटना में भी आरोपी की संभावित भूमिका के संकेत मिले हैं. एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ के मुताबिक, उसी रात करीब दो से तीन बजे के बीच एक घर में चोरी की कोशिश की गई थी. इस दौरान घर में सो रही 70 वर्षीय महिला के साथ मारपीट की गई और उनका गला दबाने की कोशिश की गई. पुलिस को महिला के साथ भी गलत हरकत किए जाने की आशंका है. इस मामले में कोतवाली पुलिस ने अलग से केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.