उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. राज्य में 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी गई हैं. इनमें अखिलेश यादव और मायावती समेत कई प्रमुख नेता शामिल हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सुरक्षा सूची में हैं. प्रदेश सरकार के 11 मंत्रियों को भी बुलेटप्रूफ जैकेट दी गई है.

जिन मंत्रियों को बुलेटप्रूफ जैकेट दी गयी है, उनमें संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता नंदी और ओम प्रकाश राजभर जैसे नाम शामिल हैं. अपर्णा यादव, स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और महेंद्र सिंह को भी सुरक्षा कवच मिला है.
15 लाख रुपए में खरीदी गयी है जैकेट
सुरक्षा मुख्यालय ने करीब 1.5 लाख रुपये प्रति जैकेट की दर से इनकी खरीद की है. पहले चरण में 8 और दूसरे चरण में 44 नेताओं को जैकेट दी गई. जानकारी के मुताबिक, यूपी में कुल 98 नेताओं और महत्वपूर्ण व्यक्तियों को अलगअलग श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है. चुनावी रैलियों और जनसभाओं के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है.
रैलियों और रोड शो से पहले सुरक्षा बढ़ी
बता दें कि अगले साल राज्य में विधानसभा चुनाव है और चुनाव के मद्देनजर नेताओं की ओर से जनसभा और रैलियां किए जाने की संभावना है. नेताओं की जनसभाओं, रैलियों और रोडशो के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है. राज्य पुलिस एवं खुफिया एजेंसियों के इनपुट के मद्देनजर योगी सरकार ने किसी भी अप्रिय घटना अथवा हमले की आशंका को खारिज करने के लिए एहतियातन यह कदम उठाया है.
हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों के प्रोटोकॉल के तहत जैकेट देने के तकनीकी और खुफिया कारणों पर सरकार और सुरक्षा मुख्यालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
इनपुटः अभिजीत ठाकुर