अमेरिका और ईरान के युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं, जिसका असर भारत के एनर्जी बिल पर दिखा है. पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में देश का नेट ऑयल एंड गैस इम्पोर्ट बिल सालाना आधार पर 60 फीसदी बढ़कर 16 अरब डॉलर पहुंच गया. एक साल पहले अक्टूबर 2025 में ये आंकड़ा 10 अरब डॉलर था. खास बात ये रही कि भारत ने तेल की खरीद मात्रा बहुत ज्यादा नहीं बढ़ाई, बल्कि ग्लोबल मार्केट में ऊंची कीमतों की वजह से आयात बिल में ये बढ़ोतरी दर्ज की गई.

कम खरीद के बाद भी क्यों बढ़ा इतना बड़ा बिल?
इस भारी भरकम बिल में सबसे बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात का रहा. अक्टूबर में भारत ने सिर्फ कच्चे तेल की खरीद पर 19.5 अरब डॉलर खर्च किए, जबकि एक साल पहले ये खर्च 10.4 अरब डॉलर था. मात्रा के हिसाब से देखें तो अक्टूबर में कच्चे तेल का आयात सिर्फ 11 फीसदी बढ़कर 23.3 मिलियन टन रहा. इसी महीने में LNG का आयात 1.3 अरब डॉलर का रहा, जबकि पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स के निर्यात से भारत को 6.3 अरब डॉलर की कमाई हुई.
कीमतों का अंतर साफ बताता है कि बिल इतना क्यों फूला. अक्टूबर में ब्रेंट क्रूड का औसत भाव 124.77 डॉलर प्रति बैरल रहा. एक साल पहले इसी महीने में ये सिर्फ 64.75 डॉलर प्रति बैरल था, जबकि सितंबर में इसका औसत 116.77 डॉलर था. भारत जो कच्चा तेल खरीदता है, यानी इंडियन क्रूड बास्केट, उसका औसत भाव भी अक्टूबर में उछलकर 119.91 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया. एक साल पहले ये 65.08 डॉलर प्रति बैरल था.
अप्रैल से अक्टूबर के सात महीनों की तस्वीर भी कुछ ऐसी ही है. इस दौरान भारत का नेट ऑयल एंड गैस इम्पोर्ट बिल बढ़कर 97.7 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 70.3 अरब डॉलर था. इन सात महीनों में कच्चे तेल की खरीद मात्रा में सिर्फ 2.7 फीसदी बढ़ी, लेकिन इसका कुल बिल 72.3 अरब डॉलर से बढ़कर 111 अरब डॉलर पर जा पहुंचा.
LPG की खपत में बड़ी गिरावट, ऑटो LPG ने चौंकाया
जहां एक तरफ कच्चे तेल का बिल बढ़ा, वहीं दूसरी तरफ देश में रसोई गैस यानी LPG की मांग काफी कमजोर रही. अक्टूबर में LPG की खपत 12.3 फीसदी गिर गई. अप्रैल से अक्टूबर के बीच इसमें 15.1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. PPAC के आंकड़ों के मुताबिक, एक्टिव घरेलू LPG ग्राहकों की संख्या भी कम हुई है. वित्त वर्ष की शुरुआत में ये संख्या 33.4 करोड़ थी, जो 1 नवंबर तक घटकर 32.6 करोड़ रह गई.
प्राइवेट सेक्टर की तरफ से होने वाले LPG आयात में तो भारी गिरावट आई है. अक्टूबर में ये 83.8 फीसदी गिरा और वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में इसमें 97.3 फीसदी की कमी आई. सरकारी तेल कंपनियों की बात करें तो उनकी पैक्ड घरेलू LPG की बिक्री 11.8 फीसदी घटी, जबकि बल्क LPG की बिक्री 49.1 फीसदी लुढ़क गई. हालांकि, इस पूरे गिरावट के दौर में ऑटो LPG ने सबको चौंका दिया. ऑटो LPG की बिक्री में 23.9 फीसदी की अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई.
अक्टूबर में कुल पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स का आयात भी 41.2 फीसदी कम रहा और वित्त वर्ष में अब तक इसमें 49.3 फीसदी की गिरावट है. PPAC ने इसके पीछे LPG, पेट कोक और फ्यूल ऑयल के कम आयात को मुख्य वजह बताया है. वहीं इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी ने अपनी वर्ल्ड एनर्जी आउटलुक 2026 रिपोर्ट में कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले समुद्री रास्तों में रुकावट आने के शुरुआती दो महीनों में LPG आयात आधे से भी ज्यादा गिर गया था.
डीजलपेट्रोल की मांग बढ़ी, नैचुरल गैस पड़ी सुस्त
प्रमुख ईंधनों की बात करें तो अक्टूबर में डीजल की मांग ने रफ्तार पकड़ी. सालाना आधार पर डीजल की खपत 12 फीसदी बढ़कर 8.5 मिलियन टन रही. पेट्रोल की खपत में 3.5 फीसदी और बिटुमिन की खपत में 16.5 फीसदी का इजाफा हुआ. इस वजह से अक्टूबर में कुल पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की खपत 2.7 फीसदी बढ़कर 20.5 मिलियन टन पर पहुंच गई. हालांकि अप्रैल से अक्टूबर के बीच कुल खपत अभी भी 3.2 फीसदी कम होकर 134.2 मिलियन टन पर बनी हुई है.
दूसरी तरफ, नैचुरल गैस की मांग में नरमी जारी है. अक्टूबर में इसकी खपत सालाना आधार पर 7.27 फीसदी घटकर 5,707 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर रह गई. इसी तरह LNG का आयात भी 6.94 फीसदी गिरकर 3,014 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर पर आ गया.
विदेशी तेल पर भारत की निर्भरता कितनी बढ़ी?
अक्टूबर में देश की रिफाइनरियों ने जमकर काम किया. उन्होंने कुल 24.1 मिलियन टन कच्चा तेल प्रोसेस किया, जो पिछले साल के मुकाबले 7.1 फीसदी ज्यादा है. रोजाना के हिसाब से ये करीब 5.7 मिलियन बैरल बैठता है. इसमें से 22 मिलियन टन तेल बाहर से मंगाया गया था और सिर्फ 2.1 मिलियन टन घरेलू उत्पादन से आया. इसका सीधा मतलब है कि अक्टूबर में भारत ने अपनी कच्चे तेल की कुल जरूरत का 88.7 फीसदी हिस्सा आयात से पूरा किया.
घरेलू स्तर पर कच्चे तेल और कंडेनसेट का उत्पादन 2.3 मिलियन टन रहा. वहीं नैचुरल गैस के मामले में भी भारत की विदेशी निर्भरता 52.8 फीसदी रही. हालांकि, इस भारी तेल संकट और महंगे बिल के बीच एक राहत की खबर भी है. PPAC के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर महीने में पेट्रोल में इथेनॉल ब्लेंडिंग 20 फीसदी के स्तर पर मजबूती से कायम रही.