मध्य प्रदेश के बालाघाट में 20 वर्षीय रियांश चौहान हत्याकांड में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक यह वारदात किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी गलफ्रेंड के ही पिता और भाई ने सुपारी किलर की मदद से अंजाम दिया है. इसके लिए आरोपियों ने 10 लाख की सुपारी दी थी. पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए सभी पांच आरोपियों को अरेस्ट किया है.

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बेटी के प्रेम संबंध से नाराज होकर उन लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया. बताया कि इस वारदात की साजिश तो तीन महीने पहले ही रची गई थी, लेकिन सुपारी किलर मिलने में देरी की वजह से रियांस की हत्या अब हुई है. आरोप है कि मंडई देखने पहुंचे रियांश को पहले शराब पिलाई गई और फिर लोहे के एंगल से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई थी. बाद में वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए शव को उसकी एक्टिवा के साथ सड़क किनारे फेंक दिया गया.
6 दिन बाद पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक छह दिन की गहनजांच के बाद हट्टा पुलिस ने प्रेमिका के पिता और भाई समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक इस वारदात में अभी एक और आरोपी की भूमिका मिली है, लेकिन अभी वह फरार है. पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है. जल्द ही उसे भी अरेस्ट कर लिया जाएगा. मामला बालाघाट के हट्टा थाना क्षेत्र में नाहरवानी गांव का है.
3 साल से संपर्क में थे दोनों
पुलिस के मुताबिक 20 वर्षीय रियांश चौहान का एक युवती के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था. लेकिन यह रिश्ता युवती के पिता जीवन पटले और भाई आशुतोष पटले को मंजूर नहीं था. इसी बात को लेकर पहले भी रियांश और युवती के भाई के बीच विवाद हुआ था. इसी क्रम में 16 नवंबर की रात ग्राम परासपानी में मंडई का आयोजन था. रियांश भी मंडई देखने पहुंचा था.जहां उसकी हत्या हुई.