उत्तर प्रदेश के भदोही में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां दो भाइयों ने खुद अपने हाथ से अपनी ही बहन का गला घोंट दिया. वहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी भाइयों ने बहन के शव को फंदे से लटका दिया. वारदात 4 नवंबर की रात का है. हालांकि दो दिन बाद 6 नवंबर को पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेते हुए वारदात का खुलासा किया है. आरोपियों में से एक नाबालिग है.

वारदात भदोई के गोपीगंज थाना क्षेत्र में जखांव गांव की है. पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाले तेरस बिंद की बेटी की हत्या हुई है. तेरस बंद पानी पूरी बेचकर अपने परिवार का पेट भरते हैं. बड़ा बेटा सूरज उनके साथ ही ठेले पर काम करता है. वहीं बेटी 12वीं की पढ़ाई के बाद घर पर रहती थी. छोटा बेटा 16 साल का है और 10वीं में पढ़ता है. मामले की जांच के दौरान पाया गया है कि तेरस की बेटी का एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसको लेकर उनके दोनों बेटे काफी नाराज थे.
लड़के के नाम पर लगाई थी मेंहदी
तेरस बिंद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी 4 नवंबर को फोन पर अपने प्रेमी से बात कर रही थी. इस बात को लेकर उसके बेटों ने उसे धमकाया, फिर भी वह नहीं मानी. बल्कि उसने अपने प्रेमी के नाम की मेंहदी भी छाप ली. यह देखकर उसके दोनों बेटों ने आपा खो दिया और गला घोंटकर बहन की हत्या कर दी. फिर इस वारदात को सुसाइड बताने के लिए उसके बेटों ने शव को फंदे से लटका दिया.
पोस्टमार्टम से खुला राज
पुलिस ने भी मामले को सुसाइड मानकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस का भी दिमाग घूम गया. आनन फानन में पुलिस ने परिवार के लोगों से सख्ती से पूछताछ की. इस दौरान पूरा मामला परत दर परत खुलता चला गया. इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों को अरेस्ट कर लिया. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.