UP Election 2027: यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी जनता के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने की कवायद में जुट गई है. सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए बीजेपी प्रदेशव्यापी जनचौपाल अभियान शुरू करने जा रही है. अभियान की शुरुआत आज 19 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गृह जनपद गोरखपुर से करेंगे. जनचौपाल के जरिए बीजेपी जनता की समस्याएं सुनने और सरकार की योजनाओं का फीडबैक लेने का दावा कर रही है… लेकिन चुनाव से पहले शुरू हो रहे इस अभियान को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है.

प्रदेशव्यापी जनचौपाल अभियान का आगाज
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी जनता से सीधे जुड़ने की नई पहल करने जा रही है. पार्टी के प्रदेशव्यापी जनचौपाल अभियान का आगाज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से करेंगे. इसके लिए गोरखपुर महानगर के दीनदयाल नगर मंडल को चुना गया है… मुख्यमंत्री टाउन हॉल मैदान में जनचौपाल लगाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे.
सरकार और जनता के बीच दूर होगी संवाद की दूरी
जनचौपाल का मकसद सरकार और जनता के बीच संवाद की दूरी को कम करना है. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच मौजूद रहेंगे… आम लोग अपनी समस्याएं, सुझाव और सरकारी योजनाओं से जुड़े अनुभव सीधे सीएम के सामने रख सकेंगे. यानी जनचौपाल में योजनाओं का प्रचार ही नहीं, बल्कि जनता की बात सुनने और उसकी प्रतिक्रिया जानने पर भी जोर रहेगा…
योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की कोशिश
विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी इस अभियान के जरिए सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेगी संगठन के मंडल से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को इस अभियान से जोड़ा गया है. पार्टी की रणनीति है कि सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक सीधे पहुंचे. साथ ही जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और सरकार के प्रति प्रतिक्रिया को भी समझा जाए… लेकिन चुनाव से पहले इस जनचौपाल अभियान को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है… कांग्रेस का कहना है कि सरकार को अब जनता के बीच जाकर सिर्फ संवाद नहीं, बल्कि अपने काम का हिसाब भी देना चाहिए…
बीजेपी का दावा है कि जनचौपाल के जरिए सरकार जनता के बीच पहुंचेगी और उनकी समस्याओं को सुनेगी… वहीं विपक्ष इस पहल को चुनाव से पहले राजनीतिक जनसंपर्क की कवायद के तौर पर देख रहा है. ऐसे में गोरखपुर से शुरू होने वाला जनचौपाल अभियान सरकार और जनता के संवाद के साथसाथ चुनावी राजनीति में भी चर्चा का विषय बनता नजर आ रहा है.