भारतीय टीम को हाल के दिनों में एक के बाद एक चोटों की समस्या से जूझना पड़ रहा है इसलिए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया रविवार को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में क्रिकेट प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण से मुलाकात करेंगे और खिलाड़ियों के ‘रिहैबिलिटेशन’ तथा चोट से उबरने की प्रक्रिया का जायजा लेंगे। भारत को जसप्रीत बुमराह , बी साई सुदर्शन , हर्षित राणा , नीतिश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर की अलगअलग चोटों के कारण उनकी सेवाएं नहीं मिलेंगी। आकाश दीप सबसे लंबे समय से टीम से बाहर हैं।

बंगाल की रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में हार के बाद से ही वह टीम से बाहर हैं। इसके अलावा सफेद गेंद के विशेषज्ञ हार्दिक पंड्या , वरुण चक्रवर्ती और प्रिंस यादव भी सीओए में हैं जहां खेल विज्ञान टीम पर काम का काफी दबाव है और 2025 की शुरुआत में नितिन पटेल के इस्तीफे के बाद से इस विभाग का कोई प्रमुख नहीं है। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती इन सभी खिलाड़ियों को जल्द से जल्द पूरी तरह फिट करके मैदान पर वापस लाना है।
सुदर्शन और बुमराह को फिटनेस के अधीन टीम में शामिल किया गया था, लेकिन सीओई के विशेषज्ञों की टीम ने व्यापक स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने का फैसला किया। बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, ‘‘हां, सचिव सैकिया स्थिति का जायजा लेने के लिए वीवीएस लक्ष्मण के साथ बेंगलुरु में होंगे। दोनों के बीच एक बैठक तय है।
यह अभी पता नहीं है कि राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर या चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर ऑनलाइन इस बैठक में शामिल होंगे या नहीं। इतने सारे कयासों के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सैकिया और लक्ष्मण मीडिया के कुछ सवालों का सामना कर उनके जवाब दे पाते हैं। ’’ ऐसी भी खबरें हैं कि सीओई और मौजूदा चयन समिति खिलाड़ियों की चोट के प्रबंधन और उनकी वापसी की समयसीमा को लेकर हमेशा एकमत नहीं रहे हैं।
कुछ खिलाड़ियों को सभी फिटनेस मानकों पर पूरी तरह खरा उतरने से पहले ही ‘रिलीज’ किए जाने की बात भी सामने आई है। हर्षित राणा के इंग्लैंड पहुंचने के समय उनका वजन काफी अधिक होने का मामला भी चयन समिति को पसंद नहीं आया है। इसी तरह, चयन समिति को शुरुआत में बताया गया था कि बुमराह और सुदर्शन कम से कम दो टेस्ट मैच में से एक के लिए उपलब्ध रहेंगे।
हालांकि, स्थिति स्पष्ट होने के बाद पता चला कि चोट के बाद बुमराह के घुटने में सूजन हो रही है जिसके कारण उन्हें ठीक होने में अधिक समय लगेगा। सुदर्शन के मामले में वह कुछ समय तक रोजाना 75 मिनट बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन उनके पैर के बड़े अंगूठे में दर्द अब भी बना हुआ है। नीतिश रेड्डी ने अपनी गेंदबाजी की गति में लगभग सात से आठ किमी प्रति घंटे की बढ़ोतरी करने की कोशिश की, जिससे उनकी ‘हैमस्ट्रिंग’ और ‘क्वाड्रिसेप्स’ पर असर पड़ा और वह चोटिल हो गए।