Bhooth Bangla Box Office Record: अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर आई है. ‘धुरंधर 2’ के तूफान के बाद सिनेमाघरों में आई अक्षय कुमार की इस फिल्म को पहले वीकेंड पर दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला. लोगों ने दिल खोलकर अक्षय की फिल्म का स्वागत किया. फिल्म की कमाई भले ही ‘धुरंधर 2’ जैसी बंपर नहीं रही, लेकिन फिर भी अक्षय ने कमाल कर दिया. ‘भूत बंगला’ ने पहले तीन दिनों में ही अक्षय की हाल के सालों में आई पांच फिल्मों की कमाई को पीछे छोड़ दिया.

‘भूत बंगला’ ने पहले दिन 17.90 करोड़ (इसमें पेड प्रिव्यूज भी शामिल है) की कमाई की. इसके बाद दूसरे दिन शनिवार को फिल्म की कमाई में अच्छा उछाल आया और इसने 21.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया. तीसरे दिन तो कमाई और ज्यादा बढ़ गई. रविवार को छुट्टी के दिन का फिल्म को भरपूर फायदा मिला और इसने 25.60 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक इस तरह अक्षय की ‘भूत बंगला’ ने पहले तीन दिनों में ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 65.25 करोड़ रुपये का बिज़नेस कर लिया.
HIT की तलाश में Akshay Kumar
के लिए पिछले कुछ साल उम्मीद के मुताबिक नहीं गुज़रे हैं. एक दो फिल्मों के अलावा बाकी तमाम फिल्में अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाई हैं. अक्षय की आखिरी सुपरहिट फिल्म ‘ओएमजी 3’ थी जो कि साल 2023 में आई थी. साल 2021 से पहले अक्षय कुमार लगातार हिट पर हिट दे रहे थे, लेकिन उसके बाद से उनको कामयाबी कम और नाकामी का सामना ज्यादा करना पड़ा. अक्षय की फिल्मों का हाल क्या रहा है इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि 24 फरवरी 2023 को आई उनकी ‘सेल्फी’ लाइफटाइम रन में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 16.85 करोड़ ही कमा सकी थी. इससे ज्यादा पैसा तो ‘भूत बंगला’ ने पहले दिन ही कमा लिया था.
3 दिनों में 5 फिल्मों से आगे निकली भूत बंगला
- सेल्फी- 16.85 करोड़ रुपये
- मिशन रानीगंज- 33.74 करोड़ रुपये
- बड़े मियां छोटे मियां- 59.17 करोड़ रुपये
- सरफिरा- 22.13 करोड़ रुपये
- खेल-खेल में- 40.36 करोड़ रुपये
मंडे टेस्ट तय करेगा तकदीर
‘भूत बंगला’ का निर्देशन दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन ने किया है. अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी हमेशा ही दर्शकों के लिए सरप्राइज लेकर आती है. फिल्म में अक्षय कुमार और वामिका गब्बी लीड रोल में हैं. उनके अलावा इसमें परेश रावल, तब्बू, असरानी, राजपाल यादव, मिथिला पालकर, राजेश जोशी और राजेश शर्मा जैसे कलाकार नज़र आए हैं. पहले वीकेंड पर फिल्म ने झंडे जरूर गाड़े हैं, लेकिन सोमवार यानी आज के दिन फिल्म कुल कितना कमाई करती हैं, इसी से इसकी तकदीर तय होगी. फिल्म को समीक्षकों ने अच्छे नंबर दिए हैं. ऐसे में उम्मीद है कि फिल्म वीकडेज़ में खुद को संभालने में कामयाब रहेगी.





