Pawan Singh Bhojpuri Song: भोजपुरी इंडस्ट्री में कई कमाल के गाने बने हैं, जिसे लोग काफी पसंद करते हैं, लेकिन इनमें से कई गाने आते हैं और चले भी जाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे होते हैं जो सालों बाद भी लोगों की जुबान पर बने रहते हैं. एक ऐसा ही गाना 18 साल पहले आया था, जिसने रिलीज होने के कुछ वक्त बाद ही बिहार-यूपी ही नहीं, बल्कि देश-विदेश में भी छा गया था. आसान शब्द, कैची म्यूजिक और अलग अंदाज की वजह से ये गाना इतना वायरल हुआ कि इसे हर शादी, पार्टी और स्टेज शो में बजाया जाने लगा. यही गाना पवन सिंह के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ और उन्हें ग्लोबल पहचान दिला गया. आज भी इस गाने के करोड़ों व्यूज हैं और इसका क्रेज कम नहीं हुआ है.

भोजपुरी सिनेमा के जाने माने सुपरस्टार हैं, एक्टर के तौर पर तो लोग उन्हें पसंद करते ही हैं, लेकिन बतौर सिंगर उन्होंने ग्लोबल लेवल तक अपनी पहचान बनाई है. वैसे तो पवन सिंह के कई गाने लोग रिपीट मोड में सुनते हैं, लेकिन उनमें से एक गाना ऐसा है, जिसको रिलीज हुए काफी वक्त हो गया है, लेकिन आज भी लोग इसे पसंद करते हैं. हम जिस गाने की बात कर रहे हैं, वो है ‘लॉलीपॉप लागेलू’. हाल ही में इस गाने की चर्चा फिर से इसलिए बढ़ गई है, क्योंकि अजबैजान में लोगों ने इस गाने पर परफॉर्म किया, जो कि ये दिखाता है कि विदेशों में ये गाना आज भी पसंद किया जाता है.
कब रिलीज हुआ था ये गाना?
‘लॉलीपॉप लागेलू’ रिलीज के कुछ समय बाद सुपरहिट बन गया था. ये गाना साल 2008 में रिलीज हुआ था, ये गाना किसी फिल्म का हिस्सा नहीं था बल्कि एक एल्बम था. गाने को भोजपुरी सिंगर और एक्टर पवन सिंह ने अपनी आवाज दी थी. पवन सिंह ने खुद खुलासा किया था कि रिलीज के बाद इस गाने को लेकर जैसी उन्होंने उम्मीद की थी वैसी सक्सेस इसे नहीं मिली थी. लेकिन, अचानक से ही इस गाने का क्रेज लोगों में फैला और देखते ही देखते ये सुपरहिट साबित हो गया. इस गाने से पवन सिंह की पहचान बदल गई और वो भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े स्टार बन गए.
–
किसने लिखे गाने के बोल?
अब बात आती है कि आखिर इस गाने को लिखा किसने था, तो बता दें कि के बोल जाहिद अख्तर ने लिखे थे. जानकारी के मुताबकि, जाहिद और पवन सिंह की मुलाकात 2006 में हुई थी, जिसके बाद से जाहिद ने उनके लिए कई गाने लिखे थे. लेकिन, ‘लॉलीपॉप लागेलू’ पवन सिंह के शुरुआती दौर का ब्लॉकबस्टर गाना बन गया. जाहिद ने उसके बाद भी उनके लिए कई कमाल के गाने लिखे हैं, जिसे लोग खूब पसंद करते हैं. जबकि इसका म्यूजिक विनय विनायक ने दिया था.
यूट्यूब पर व्यूज की भरमार
ये गाना किसी बड़ी फिल्म का हिस्सा नहीं था, बल्कि एल्बम सॉन्ग के रूप में आया था. वीडियो में पवन सिंह खुद नजर आए थे और उनके साथ मॉडल-डांसर की मौजूदगी ने इसे और अट्रैक्टिव बना दिया. उस दौर में ये गाना स्टेज परफॉर्मेंस और एल्बम कल्चर में काफी पॉपुलर हुआ था. रिलीज के कुछ वक्त बाद 2015 में इस गाने को यूट्यूब पर अपलोड किया गया. कमाल की बात है कि इतने वक्त में गाने पर 27 करोड़ से ज्यादा व्यूज हैं. इस गाने के कई वर्जन यूट्यूब पर मौजूद है.
पवन सिंह बने ग्लोबल स्टार
गाने के क्रेज के बारे में बताए, तो इस गाने को एक अफ्रीकन सिंगर ने भी गाया है और जाने माने सिंगर और म्यूजिक कंपोजर सिद्धार्थ सलेथिया ने भी इस गाने को अपनी आवाज दी है. इतना ही नहीं रियलिटी सो का हिस्सा रहने वाली सिंगर नेहा कक्कड़ ने भी इसे अपनी आवाज में गाया है. पवन सिंह इस गाने के साथ ही साथ और भी कई कमाल के गाने गा चुके हैं. अब तो उनका जादू बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में भी छाने लगा है.
View this post on Instagram
सोशल मीडिया पर वायरल
इस गाने की सबसे बड़ी ताकत इसकी बीट और बोल थे, जो भाषा की सीमा पार कर गए. ये सिर्फ भोजपुरी के ऑडियंस तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि बॉलीवुड पार्टियों, विदेशी इवेंट्स और डीजे प्लेलिस्ट में भी बजने लगा. कई इंटरनेशनल डीजे ने इसे रीमिक्स किया और सोशल मीडिया पर इसके डांस वीडियो वायरल होने लगे. धीरे-धीरे ये गाना भोजपुरी इंडस्ट्री का पहचान बन गया और पवन सिंह को ग्लोबल स्टार का टैग मिलने लगा.





