Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में रामगंगा नदी में डूबे बिहार निवासी इलेक्ट्रिक कंपनी के इंजीनियर राहुल कुमार सिंह का शव रविवार को बरामद कर लिया गया. भमोरा और सुभाषनगर पुलिस ने संयुक्त प्रयास से गांव टांडा गंगाजी के पास नदी से शव बाहर निकलवाया. पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी. खबर मिलते ही परिवार के लोग बिहार से बरेली पहुंचे. पोस्टमार्टम हाउस में राहुल का शव देखते ही परिजन बिलख पड़े. दिवाली के त्योहार पर परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं.

परिजनों ने राहुल की मौत के पीछे कंपनी में काम के दबाव और मानसिक तनाव को वजह बताया है. उनके भाई ऋतुराज कुमार सिंह का आरोप है कि कंपनी की ओर से राहुल पर लगातार काम का दबाव बनाया जा रहा था. इसी तनाव के चलते उन्होंने रामगंगा नदी में छलांग लगाकर जान दे दी. हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दो महीने पहले बरेली आया था राहुल
बिहार के ईश्वरपुर थाना क्षेत्र के सोमभा गांव निवासी राहुल कुमार सिंह एक इलेक्ट्रिक कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे. भाई ऋतुराज के मुताबिक, करीब दो महीने पहले कंपनी ने नौकरी के सिलसिले में राहुल को बिहार से बरेली भेजा था. वह यहां रहकर कंपनी का काम कर रहे थे. परिवार को उम्मीद थी कि राहुल नौकरी करके घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाएंगे, लेकिन उनकी मौत की खबर ने सभी को तोड़कर रख दिया.
नदी में डूबने की मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम सुभाषनगर पुलिस को रामगंगा नदी में एक युवक के डूबने की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई. सुभाषनगर और भमोरा पुलिस की मदद से नदी में खोजबीन की गई. काफी प्रयास के बाद रविवार को टांडा गंगाजी के पास युवक का शव बरामद हुआ. बाद में उसकी पहचान राहुल कुमार सिंह के रूप में हुई.
भाई ने कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप
ऋतुराज कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल काम के दबाव के कारण तनाव में रहते थे. उनका यह भी कहना है कि घटना के बाद कंपनी के किसी जिम्मेदार अधिकारी ने परिवार से संपर्क नहीं किया और न ही राहुल के बारे में कोई जानकारी दी. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कंपनी की भूमिका की पड़ताल करने की मांग की है.
दो भाइयों में बड़े थे राहुल
राहुल दो भाइयों में सबसे बड़े थे. उनकी मौत से मां मीरा देवी का रोरोकर बुरा हाल है. परिवार यह जानना चाहता है कि आखिर किन परिस्थितियों में राहुल की जान गई. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत के कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.