सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने का सरकार का फैसला उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं दे सका. आयात पर लगाम लगाने के लिए बढ़ाई गई ड्यूटी के बावजूद देश में सोने की मांग में कोई खास कमी नहीं आई. इसके विपरीत, अवैध व्यापार में इजाफा हो गया. अब खबर है कि केंद्र सरकार सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी घटाने को लेकर गंभीर चर्चा कर रही है. जेम्स एंड ज्वेलरी काउंसिल के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने ईटी ऑनलाइन को बताया कि ऊंचे टैक्स रेट अपने मकसद में नाकाम रहे हैं, जिसके बाद सरकार इस नीति पर पुनर्विचार कर रही है.

इंपोर्ट ड्यूटी घटाने पर विचार
इकोनॉमिक्स टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने जब सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाई थी, तो ज्वेलरी बॉडी ने पहले ही चेतावनी दी थी. उनका कहना था कि भारी भरकम टैक्स से अवैध कारोबार को बढ़ावा मिलेगा. रोकड़े के मुताबिक, बिल्कुल ऐसा ही हुआ. सरकार को उम्मीद थी कि ड्यूटी बढ़ने से सोने का आयात गिरेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. आयात तो कम नहीं हुआ, लेकिन देश में ग्रे मार्केट का दायरा काफी तेजी से फैल गया. लोग टैक्स बचाने के लिए अवैध रास्तों का इस्तेमाल करने लगे.
सही समय की तलाश में सरकार
रोकड़े का कहना है कि सरकार काफी समय से इस मुद्दे पर मंथन कर रही है. फिलहाल ड्यूटी कटौती पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन चर्चाओं का दौर जारी है. सरकार बस एक सही समय का इंतजार कर रही है, जब ड्यूटी में कटौती का ऐलान किया जा सके. बता दें कि इसी साल मई के महीने में केंद्र सरकार ने सोने तथा चांदी पर कस्टम ड्यूटी को 6 फीसदी से बढ़ाकर सीधे 15 फीसदी कर दिया था. पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने के लिए ये कदम उठाया गया था.
भारत में सोने की भारी डिमांड
पूरी दुनिया में चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है. देश में हर साल करीब 700 से 900 टन सोने का आयात होता है. सरकारी आंकड़ों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 26 में सोने का आयात 24 फीसदी बढ़कर 71.9 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. हालांकि, मात्रा के हिसाब से देखें तो आयात घटकर 721 टन रह गया, लेकिन फिर भी बिल का बोझ कम नहीं हुआ.
आज सोने के भाव में आई गिरावट
इंपोर्ट ड्यूटी पर चल रही इन चर्चाओं के बीच सोने की कीमतों में नरमी देखने को मिली है. स्पॉट डिमांड में कमी के कारण फ्यूचर ट्रेड में पीली धातु के दाम 2,045 रुपये टूट गए. इस गिरावट के बाद सोने की कीमत 1,54,236 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है.