उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत चल रही है. लेकिन बातचीत के इतर दोनों पक्षों में खासी तनातनी भी देखी जा रही है. बात तब बिगड़ गई जब बातचीत के बीच ही समाजवादी पार्टी ने अपने 5 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया. इस ऐलान से कांग्रेस में खासी नाराजगी देखी जा रही है. अब कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि तनातनी को देखते हुए 27 नवंबर को होने वाली सपा और कांग्रेस के बीच होने वाली तीसरी बैठक को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है.

सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि कांग्रेस नेताओं के एक तबके ने पार्टी आलाकमान से कह दिया है कि समाजवादी पार्टी के ताजा रुख के बाद अब बात क्यों और किस लिए की जा रही है? समाजवादी पार्टी की ओर से 5 सीटों पर प्रत्याशियों के पहले ऐलान, फिर अखिलेश यादव के ट्वीट और इमरान मसूद के तेवर के बाद बैठक पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं.
पूरे मामले पर कांग्रेस आलाकमान की नजर
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने पार्टी के सांसद इमरान मसूद की नाराजगी को जायज ठहराया और सम्मानजनक सीटों की संख्या 100 बता दी और 26 सीटों के ऑफर को खारिज कर दिया. दूसरी ओर, कांग्रेस आलाकमान पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और उसने अपने नेताओं को सपा की भाषा में जवाब देने से मना किया है.
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटबंटवारे पर बातचीत चल रही है, लेकिन इस बीच सपा ने अपने 5 उम्मीदवारों का ऐलान कर सनसनी फैला दी. इस ऐलान से गठबंधन की मुश्किलें सामने आ गईं. मतभेद को लेकर राज्य में सत्तारुढ़ BJP ने INDIA गठबंधन का मजाक उड़ाया और इसे ‘बंद हो चुका अध्याय’ करार दिया.
आगे की बातचीत के लिए आलाकमान से पूछेंगेः मसूद
समाजवादी पार्टी नेतृत्व की ओर से उम्मीदवारों के नामों के ऐलान से कांग्रेस खेमा बेहद नाराज बताया जा रहा है. क्योंकि इन 5 में से 2 सीटें ऐसी भी हैं जो इमरान मसूद के सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं. नाराज कांग्रेस की राज्य कार्य समिति के प्रमुख मसूद ने कहा कि उनकी पार्टी “भीख नहीं मांग रही है”. उन्होंने यहां तक कह दिया कि वह अपनी पार्टी के नेतृत्व से सलाहमशविरा करेंगे कि सपा के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत जारी रखी जाए या नहीं.
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी का कहना है कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है, क्योंकि उन्होंने केवल उन सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है जो पहले से ही उनके पास हैं. पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस से कहा कि वे सीटों की संख्या की जगह ‘जीतने की क्षमता’ को प्राथमिकता दें. उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि दोनों पार्टियों को मिलकर हर सीट के लिए सबसे मजबूत उम्मीदवार चुनने की कोशिश करनी चाहिए.