रिपोर्ट योगेश सेमवाल, देहरादून

Uttarakhand Women Empowerment: में महिला सशक्तिकरण को लेकर राज्य सरकार ने कई योजनाओं और नीतिगत फैसलों की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, खेल और राजनीतिक भागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश की 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, महिलाओं के विकास से जुड़ी योजनाओं के लिए जेंडर बजट में करीब 20 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
UCC और आरक्षण से महिलाओं को कानूनी अधिकार
उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना। सरकार के अनुसार, इसके जरिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और पारिवारिक अधिकारों से जुड़े मामलों में महिलाओं को समान कानूनी संरक्षण देने का प्रयास किया गया है।
इसके अलावा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। सहकारी प्रबंध समितियों में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है।
2.65 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपए तक ब्याज मुक्त ऋण देने की सुविधा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।
ड्रोन सखी पहल के तहत महिलाओं को ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना में पात्र महिलाओं को रोजगार शुरू करने के लिए 1.5 लाख रुपए तक अनुदान देने की व्यवस्था है।
नंदा गौरा योजना से 3.77 लाख बेटियों को लाभ
बेटियों की शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए नंदा गौरा योजना चलाई जा रही है। इसके तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपए और 12वीं पास करने पर उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपए की सहायता दी जाती है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 202526 में 33,251 बालिकाओं के खातों में 145.93 करोड़ रुपए DBT के जरिए भेजे गए। वहीं, योजना शुरू होने से अब तक 3,77,784 बालिकाओं को कुल 1,168.49 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं पर भी फोकस
महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के लिए मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना के तहत प्रसव के बाद जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के जरिए गर्भवती और धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।
वहीं, चंपावत जिले के लोहाघाट में 256 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बेटियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
जेंडर बजट में 16 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी
महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के लिए इस वर्ष जेंडर बजट में पिछले साल के मुकाबले 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की गई है। इसके तहत करीब 20 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस राशि से महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और रोजगार से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने का लक्ष्य है।
ये खबर भी पढ़ें:
महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत राजनीतिक आरक्षण का समर्थन
महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम2023 में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में इस आरक्षण को जल्द प्रभावी बनाने के प्रयासों का समर्थन किया।
मुख्यमंत्री धामी का कहना है कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें और महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।
ये खबर भी पढ़ें: