Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जिला मुख्यालय के फुटिया और जगदीशसराय के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बीजेपी विधायक सुशील सिंह के काफिले में शामिल दो गाड़ियों को टक्कर मार दी. हादसे में काफिले की दो फॉर्च्यूनर गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. वहीं, कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं. स्कॉर्पियो में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे के समय विधायक सुशील सिंह भी काफिले में मौजूद थे, हालांकि उनकी गाड़ी सुरक्षित रही.

पहले फुटिया के पास मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, बीजेपी विधायक सुशील सिंह का काफिला सोमवार को जिला मुख्यालय की ओर से गुजर रहा था. काफिले में कई गाड़ियां शामिल थीं. इसी दौरान फुटिया के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक काफिले में घुस गई और वहां चल रही एक फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि फॉर्च्यूनर क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद काफिले में चल रहे लोगों के बीच अफरातफरी मच गई.
भागने की कोशिश में दूसरी गाड़ी को भी मारी टक्कर
बताया जा रहा कि पहली टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा. इसी दौरान वह आगे बढ़ा और जगदीशसराय के पास काफिले में शामिल दूसरी फॉर्च्यूनर को भी टक्कर मार दी. इस दूसरी टक्कर में भी गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा. इस तरह स्कॉर्पियो की चपेट में आकर काफिले की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं.
हादसे के दौरान विधायक सुशील सिंह भी काफिले में मौजूद थे, लेकिन उनकी गाड़ी को कोई नुकसान नहीं हुआ. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि स्कॉर्पियो सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
मनराजपुर का रहने वाला है घायल युवक
स्कॉर्पियो सवार घायल युवक की पहचान सैयदराजा क्षेत्र के मनराजपुर निवासी पंकज यादव के रूप में बताई जा रही है. उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद इलाके में काफी चर्चा है. एक ही काफिले की दो गाड़ियों को टक्कर मारने की घटना से लोग हैरान हैं. फिलहाल हादसे की वजह और स्कॉर्पियो की रफ्तार को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.