समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज सोमवार को सस्पेंड कर दिया गया. इस पेज पर 90 लाख फॉलोअर्स हैं. समाजवादी पार्टी ने इसे एक तकनीकी खराबी बताया है, और खबर है कि मेटा इस पेज को बहाल करने के लिए काम कर रहा है. इससे पहले, अक्टूबर 2025 में भी उनका फेसबुक पेज कुछ समय के लिए सस्पेंड कर दिया गया था, हालांकि अगले ही दिन उसे बहाल कर दिया गया था.

दरअसल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के विभिन्न कार्यक्रमों और बयानों को फेसबुक पर विस्तार से साझा किया जाता है. इसके अलावा, उनके भाषणों के वीडियो भी वहां पोस्ट किए जाते हैं. अब अकाउंट सस्पेंड हो जाने की वजह से लोग अपने नेता से जुड़ नहीं पा रहे हैं, जिससे उनमें साफ तौर पर निराशा देखी जा सकती है. ऐसा पहली बार नहीं है जब समाजवादी पार्टी अध्यक्ष का फेसबुक अकाउंट सस्पेंड हुआ हो, पिछली बार भी इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था.
इसके पीछे क्या कारण?
अखिलेश यादव के फेसबुक पेज पर 90 लाख फॉलोअर्स हैं, उसके अचानक गायब हो जाने के बाद अटकलें तेज हो गईं. समाजवार्टी पार्टी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी खामी के चलते ऐसा हुआ है. मेटा के कर्मचारी इसे बहाल करने के लिए इस पर काम कर रहे हैं. जल्द ही सोशल मीडिया पेज वापस आ जाएगा. हालांक सस्पेंशन का सही कारण अभी तक नहीं बताया गया है. फिलहाल, अखिलेश यादव के आधिकारिक फेसबुक पेज, @yadavakhilesh को खोलने की कोशिश करने पर यह संदेश दिखाई देता है: “यह कंटेंट अभी उपलब्ध नहीं है.”
अक्टूबर 2025 में पेज गायब होने पर हुआ था हंगामा
अक्टूबर 2025 में भी कुछ ऐसा ही हुआ था, जब पेज गायब हो गया था; तब काफी विरोधप्रदर्शन के बाद इसे बहाल किया गया था. उस समय, मेटा ने इसके पीछे “वयस्कों के यौन शोषण और नियमों के उल्लंघन” का हवाला दिया था. उस समय, अखिलेश यादव की टीम ने इस घटना को “फ्लैगिंग” का मामला बताया था. फेसबुक ने लगभग 12 से 16 घंटों के भीतर पेज को बहाल कर दिया था.