निवेशकों की घबराहट के बीच इस हफ्ते अमेरिका के शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई. AI, सेमीकंडक्टर और चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त बिकवाली हुई. इसका सीधा असर पूरे बाजार पर दिखा. टेक कंपनियों के इंडेक्स Nasdaq में 5.28% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई. वहीं, S&P 500 इंडेक्स 3.70% और Dow Jones करीब 1.93% लुढ़क गया.

4 ट्रिलियन डॉलर स्वाहा, दिग्गज चिप शेयर धड़ाम
AI और टेक कंपनियों वाले इंडेक्स Nasdaq के लिए ये हफ्ता बेहद खराब रहा. इस सप्ताह Nasdaq की कंपनियों का करीब 4 ट्रिलियन डॉलर का मार्केट कैप साफ हो गया. मार्च 2020 के बाद Nasdaq की ये सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट है. इस बिकवाली की सबसे बड़ी मार चिप बनाने वाली कंपनियों पर पड़ी. दुनिया की सबसे चर्चित AI चिप कंपनियों में शामिल Nvidia का शेयर 14% तक टूट गया. इसके अलावा AMD में 13.3% की भारी गिरावट आई. बाकी बड़ी कंपनियों का हाल भी कुछ अलग नहीं रहा. Micron के शेयर करीब 14% फिसल गए और Broadcom 12.2% टूट गया.
Anthropic के शेयरों ने बढ़ाया बाजार का दर्द
बाजार को उम्मीद थी कि Anthropic की शानदार लिस्टिंग AI सेक्टर में नया उत्साह पैदा करेगी. इस लिस्टिंग को पूरे सेक्टर के लिए बड़े भरोसे के तौर पर देखा जा रहा था. लेकिन हुआ इसके ठीक उलट. Anthropic के शेयर अपने दूसरे ही कारोबारी दिन 9.1% गिर गए. इस अचानक आए झटके ने निवेशकों का मूड खराब कर दिया. एक तरफ Nvidia में 14% की गिरावट और दूसरी तरफ Anthropic के शेयर टूटने से पूरे टेक सेक्टर की चिंता काफी बढ़ गई.
क्यों मची बिकवाली, क्या फूटने लगा AI का बुलबुला?
इस भारी गिरावट के बाद अब सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि क्या AI का बुलबुला फूटने लगा है? दरअसल, इस बिकवाली के पीछे निवेशकों की कई गंभीर चिंताएं हैं. सबसे पहला सवाल AI वैल्यूएशन पर खड़ा हुआ है. निवेशकों को अब लगने लगा है कि AI कंपनियों की कीमतें उनकी वास्तविक कमाई और मुनाफे के मुकाबले बहुत ज्यादा हो गई हैं. इसके साथ ही खर्च बनाम कमाई की चिंता भी बाजार को सता रही है. AI इंफ्रास्ट्रक्चर, चिप्स और डेटा सेंटर पर अरबों डॉलर खर्च हो रहे हैं. ऐसे में निवेशक ये जानना चाहते हैं कि इतने बड़े निवेश से आखिर कितना मुनाफा निकलेगा?
संभावनाओं से ज्यादा अब असली कमाई पर फोकस
इस भारी गिरावट ने AI निवेश की स्थिरता पर बड़ा संदेह खड़ा कर दिया है. बाजार का मिजाज अब साफ बदलता दिख रहा है. निवेशक अब सिर्फ AI की संभावनाओं पर भरोसा नहीं कर रहे हैं. वे अब कंपनियों की वास्तविक कमाई और भविष्य के रिटर्न पर सीधे सवाल उठा रहे हैं.