देश में चीनी की कीमतों को कंट्रोल में रखने और सप्लाई बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार अब नया प्लान तैयार कर रही है, जिससे सरकार चीनी के प्रोडक्शन का अपना अंदाजा तैयार करेगी और हर महीने इस पर नजर रखेगी. इसके लिए देश की सभी चीनी मिलों से गन्ने की क्रशिंग और चीनी बनने से जुड़ा डेटा लिया जाएगा. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 202627 के शुगर सीजन में सरकार अब इंडस्ट्री एसोसिएशन के अंदाजों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहेगी. इसके बजाय केंद्र सरकार अपना अलग अनुमान तैयार करेगी.

इस बार सरकार का मकसद प्रोडक्शन की सही जानकारी जुटाना है, ताकि देश के बाजार में चीनी की सप्लाई कम न हो और कीमतों में अचानक बढ़ोतरी न आए. हालांकि, इस सीजन में चीनी का प्रोडक्शन कितना रहेगा और आम लोगों को कीमतों में राहत मिलेगी या नहीं, यह काफी हद तक गन्ने की पैदावार और उससे चीनी बनने की मात्रा पर निर्भर करेगा.
हर महीने चीनी प्रोडक्शन का अंदाजा लगाएगी सरकार
रिपोर्ट के मुताबिक, इसके लिए हर चीनी मिल को हर महीने चार तरह की जानकारी देनी होगी. इसमें अब तक कितने गन्ने की क्रशिंग हुई, उससे कितनी चीनी बनी, पूरे सीजन में कितने गन्ने की क्रशिंग होने की उम्मीद है और कुल कितना चीनी प्रोडक्शन हो सकता है, इसकी जानकारी शामिल होगी.
सरकार इन आंकड़ों को राज्यों के गन्ना आयुक्तों से मिलने वाली जानकारी के साथ मिलाकर हर महीने अपडेट करेगी. 27 नवंबर को राज्यों के गन्ना आयुक्तों की बैठक प्रस्तावित है. इसके बाद सरकार का पहला अंदाजा तैयार होने की उम्मीद है. सरकार का मानना है कि चीनी मिलों से सीधे डेटा लेने पर प्रोडक्शन की ज्यादा सही तस्वीर सामने आएगी. इसकी वजह यह है कि मिलों को अपने पास उपलब्ध गन्ने, क्रशिंग की कैपेसिटी और संभावित प्रोडक्शन की बेहतर जानकारी होती है.
पिछले सीजन में गलत अंदाज से बिगड़ा था गणित
सरकार के इस फैसले की एक बड़ी वजह पिछले सीजन में चीनी प्रोडक्शन का गलत अंदाजा रहा है. 202526 सीजन की शुरुआत में इंडियन शुगर एंड बायोएनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने जुलाई 2025 में 3.49 करोड़ टन चीनी प्रोडक्शन का अंदाजा लगाया था. यह पिछले सीजन के 2.96 करोड़ टन प्रोडक्शन से करीब 18.3 फीसदी ज्यादा था. ज्यादा प्रोडक्शन की उम्मीद को देखते हुए सरकार ने नवंबर 2025 में चीनी मिलों को 15 लाख टन चीनी एक्सपोर्ट करने की मंजूरी दी. इसके बाद फरवरी में 5 लाख टन एक्सपोर्ट की अतिरिक्त मंजूरी भी दी गई. यानी कुल 20 लाख टन चीनी के एक्सपोर्ट की इजाजत दी गई.
लेकिन बाद में प्रोडक्शन का अंदाजा घटकर करीब 3.2 करोड़ टन रह गया. ऐसे में देश के बाजार में सप्लाई बनाए रखने के लिए सरकार को 30 सितंबर 2026 तक चीनी एक्सपोर्ट पर रोक लगानी पड़ी. इसके अलावा 20 अगस्त को सरकार ने चीनी पर 100 फीसदी इंपोर्ट ड्यूटी भी खत्म कर दी और करीब 10 लाख टन चीनी इंपोर्ट करने की मंजूरी दी. करीब एक दशक में यह पहली बार था, जब इस तरह का फैसला लिया गया. यानी पहले ज्यादा प्रोडक्शन की उम्मीद में एक्सपोर्ट की मंजूरी दी गई और बाद में सप्लाई की चिंता के चलते इंपोर्ट का रास्ता खोलना पड़ा.
इस सीजन में कितना रह सकता है चीनी का प्रोडक्शन?
202627 का शुगर सीजन अक्टूबर से सितंबर तक चलेगा. इस सीजन में चीनी प्रोडक्शन को लेकर अलगअलग अंदाज सामने आ रहे हैं. इंडस्ट्री के अनुमान के मुताबिक, भारत में इस बार करीब 2.7 करोड़ टन चीनी का प्रोडक्शन हो सकता है. वहीं, अमेरिकी कृषि विभाग ने करीब 3.037 करोड़ टन प्रोडक्शन का अंदाजा लगाया है.
प्रोडक्शन में कमी की आशंका के पीछे महाराष्ट्र और कर्नाटक में कम बारिश के कारण गन्ने से चीनी बनने की मात्रा कम होना बताया जा रहा है. उत्तर प्रदेश में भी अक्टूबर के आखिर में हुई भारी बारिश से गन्ने की फसल प्रभावित हुई है. एक मल्टीनेशनल शुगर कंपनी ने इस सीजन में 2.75 करोड़ टन प्रोडक्शन का अंदाजा लगाया है. कंपनी के मुताबिक, इसमें 5 से 8 लाख टन की और कमी आ सकती है.
नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज के आंकड़ों के मुताबिक, 15 नवंबर तक देश में 24.21 लाख टन चीनी का प्रोडक्शन हुआ था. पिछले साल इसी समय यह आंकड़ा 15.57 लाख टन था. हालांकि, राज्यों के हिसाब से प्रोडक्शन की तस्वीर अलगअलग है. महाराष्ट्र में प्रोडक्शन बढ़ा है, जबकि उत्तर प्रदेश में 15 नवंबर तक 1.5 लाख टन चीनी बनी थी. पिछले साल इसी समय यह आंकड़ा 3.5 लाख टन था.
चीनी महंगी होगी या मिलेगी राहत?
चीनी की कीमतों में राहत मिलेगी या महंगाई बढ़ेगी, इसका जवाब इस सीजन के असली प्रोडक्शन और देश में सप्लाई पर निर्भर करेगा. अगर प्रोडक्शन उम्मीद से कम रहता है और मांग के मुकाबले सप्लाई घटती है, तो कीमतों पर बढ़ोतरी का दबाव बन सकता है. वहीं, प्रोडक्शन और स्टॉक पर्याप्त रहने पर कीमतों को स्थिर रखने में मदद मिलेगी.
सरकार की नई व्यवस्था इसी परेशानी को कम करने की कोशिश है. हर महीने प्रोडक्शन का डेटा मिलने से सरकार को पहले ही पता चल सकेगा कि देश में चीनी की कितनी उपलब्धता रहने वाली है. इसके आधार पर एक्सपोर्ट, इंपोर्ट और देश के बाजार में बिक्री से जुड़े फैसले समय पर लिए जा सकेंगे.