Telangana News: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में मुंबई के 26/11 आतंकी हमले की तर्ज पर हमला करने की धमकी भरा एक ईमेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया है. 21 नवंबर को हैदराबाद पुलिस को मिले इस ईमेल में काचीगुडा रेलवे स्टेशन और पास स्थित होटल टूरिस्ट प्लाजा को बम धमाकों से निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे शहर के प्रमुख स्थानों पर चौकसी बढ़ा दी गई है. हालांकि, पुलिस का प्रारंभिक आकलन है कि यह धमकी झूठी हो सकती है और अधिकारियों ने आम जनता से न घबराने की अपील की है.

जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद पुलिस को 21 नवंबर को यह धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें इसके पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्करएतैबा से जुड़े होने का दावा किया गया है. ईमेल में लिखा गया है कि 26 नवंबर को 2008 के मुंबई हमलों की तरह ही हैदराबाद में आतंकी हमला किया जाएगा, जिसमें 300 से अधिक लोगों की जान जा सकती है.
संदेश में दावा किया गया है कि यह हमला जम्मूकश्मीर के कुलगाम में हाल ही में मारे गए लश्कर आतंकी लतीफ भट की मौत का बदला लेने के लिए अंजाम दिया जाएगा. हालांकि, साइबर क्राइम पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ईमेल वाकई आतंकी संगठन ने भेजा है या किसी शरारती तत्व ने संगठन के नाम का दुरुपयोग किया है.
काचीगुडा स्टेशन और होटल में सघन तलाशी, पुलिस आयुक्त की अपील
धमकी मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस की विशेष शाखा ने वरिष्ठ अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. काचीगुडा रेलवे स्टेशन, होटल टूरिस्ट प्लाजा समेत शहर के बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख सरकारी इमारतों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. बम निरोधक दस्तों ने संदिग्ध ठिकानों पर सघन जांच की, जहां कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ईमेल झूठा प्रतीत हो रहा है, फिर भी एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है. हैदराबाद पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों या अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें और न ही घबराएं. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु के दिखने पर तुरंत 112 हेल्पलाइन पर सूचना देने को कहा गया है. फिलहाल साइबर पुलिस ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान में जुटी है.