: उत्तर प्रदेश के हाथरस में आज यानी रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। सिकंदराराऊ क्षेत्र में एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मां और उसके पांच साल के बेटे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार सभी लोग अलीगढ़ जिले के नौसेरवला इलाके के रहने वाले थे। परिवार के सदस्य गुरुग्राम में काम करते थे और वहां से सिकंदराराऊ के नौरंगाबाद में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे थे। सभी लोग टेंपो से शादी में जा रहे थे, तभी रास्ते में पीछे से आई प्राइवेट बस ने टेंपो को रौंद दिया।
मौके पर दो बहनों की मौत, मांबेटे ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसा रविवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो सगी बहनें छोटी और मोती शामिल हैं। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, हादसे में घायल शबीना और उनके पांच साल के बेटे फहाद को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। श्रद्धा हॉस्पिटल में उपचार के दौरान फहाद की मौत हो गई। गंभीर हालत में शबीना को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, बस चालक की तलाश जारी
सिकंदराराऊ के सीओ अमित पाठक के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। घायलों को दूसरे टेंपो और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को अलीगढ़ रेफर किया गया था। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिस शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार घर से निकला था, वहां तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
ये भी पढ़ें: