Etah Dulha Arrest: एटा में सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक की पहली पत्नी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवाई और युवक को हिरासत में ले लिया।

2021 में हुई थी पहली शादी
जानकारी के अनुसार मारहरा क्षेत्र के गांव मीरा सराय के आकाश की शादी 14 नवंबर 2021 को चमन नगरिया की सोनी के साथ हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते बीते 3 सालों से दोनों का मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
बिना तलाक दूसरी शादी का आरोप
सोनी को जानकारी मिली कि उसका पति सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दूसरी शादी कर रहा है। इसके बाद वह मौके पर पहुंच गई। सोनी का आरोप है कि आकाश बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर रहा था। साथ ही वह सरकारी सामूहिक विवाह योजना का गलत फायदा उठाने की कोशिश कर रहा था।
मांग भरते ही पहुंच गई पहली पत्नी
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अपनी बेटी की शादी कराने पहुंचे नगला हमीर के कमल सिंह ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन आवेदन समेत सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी की थीं। कार्यक्रम में युवक और युवती के बैठने के बाद शादी की रस्में शुरू हुईं। इसी दौरान आकाश ने युवती की मांग भर दी। तभी युवक की पहली पत्नी मौके पर पहुंच गई और पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने शादी रुकवाकर आकाश को हिरासत में ले लिया।
5 साल पहले भी तय हुआ था रिश्ता
कमल सिंह के अनुसार उन्हें आकाश के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी नहीं थी। करीब 5 साल पहले भी दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय करने की बात चली थी, लेकिन दहेज की मांग के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।