: में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी के 209 प्रत्याशियों की कथित लिस्ट सामने आने की खबरों पर पार्टी ने खंडन जारी किया है। उत्तर प्रदेश बीजेपी ने ऐसी खबरों को पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत बताया है। पार्टी का कहना है कि न तो प्रदेश नेतृत्व ने प्रत्याशियों की कोई लिस्ट तैयार की है और न ही ऐसी कोई लिस्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है।

209 प्रत्याशियों की लिस्ट को बताया फर्जी
बीजेपी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से कई समाचार माध्यमों, लोगों और संस्थाओं की ओर से 209 प्रत्याशियों की कथित सूची तैयार होने और उसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने की खबरें प्रसारित की जा रही हैं। पार्टी ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार बताया है। बीजेपी ने साफ किया कि विधानसभा चुनाव 2027 के लिए प्रत्याशियों की ऐसी कोई सूची नहीं बनाई गई है। इस तरह की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
अभी शुरू नहीं हुई उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया
पार्टी ने कहा कि बीजेपी एक अनुशासित संगठन है और चुनाव में उम्मीदवारों का चयन एक तय प्रक्रिया के तहत किया जाता है। इसके लिए संगठन में लोकतांत्रिक और व्यवस्थित प्रक्रिया अपनाई जाती है। पार्टी के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया अभी शुरू भी नहीं हुई है।
कार्यकर्ताओं में भ्रम फैलाने का आरोप
बीजेपी ने इस तरह की खबरों को सोचीसमझी साजिश बताते हुए कहा कि कुछ लोग पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम और डर का माहौल बनाने के लिए ऐसी अफवाहें फैला रहे हैं। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति पैदा हो सकती है।
ये खबर भी पढ़ें:
पार्टी ने कार्यकर्ताओं से की अपील
उत्तर प्रदेश बीजेपी ने अपने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें। पार्टी ने कहा कि किसी भी जानकारी को सही मानने से पहले उसके आधिकारिक होने की जांच करें और केवल बीजेपी के अधिकृत मंचों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें।