रविवार, 22 नवंबर 2026 ब्रेकिंग
Men’s Health Awareness: हिचके नहीं, खुलकर बताएं…पुरुषों की पांच हेल्थ प्रॉब्लम जो हो सकती हैं गंभीर​ | लेबर कोड लागू होने के एक साल बाद मजदूरों को कितना फायदा? क्या- क्या मिली सुविधाएं​ | मथुरा में जीजा ने 2 सालों पर लुटाया प्यार… घुड़चढ़ी में दोनों को पहनाई एक-एक करोड़ रुपये के नोटों की माला, तस्वीरें वायरल​
दिल्ली 32°C ☀️ |
728 x 90 Advertisement
विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
Business

ट्रंप की धमकी से नहीं रुकेगी भारत की AI रफ्तार… गूगल, अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट नहीं छोड़ सकतीं भारतीय बाजार!​

दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड कंप्यूटिंग का सबसे बड़ा केंद्र बनने की ओर बढ़ रहे भारत के कदम आसानी से थमने वाले नहीं हैं. 20 नवंबर को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेश में डेटा सेंटर बनाने वाली अमेरिकी कंपनियों पर भारी टैक्स लगाने की चेतावनी दी है. पहली नजर में […]

दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड कंप्यूटिंग का सबसे बड़ा केंद्र बनने की ओर बढ़ रहे भारत के कदम आसानी से थमने वाले नहीं हैं. 20 नवंबर को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेश में डेटा सेंटर बनाने वाली अमेरिकी कंपनियों पर भारी टैक्स लगाने की चेतावनी दी है. पहली नजर में ये बयान भारत के लिए चुनौती जैसा लग सकता है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी कहती है. भारत का विशाल डिजिटल बाजार, मजबूत नीतियां और अमेरिकी कानून की पेचीदगियां साफ इशारा करती हैं कि भारत का AI मिशन न सिर्फ सुरक्षित है, बल्कि इसमें भारतीय कंपनियों के लिए बड़े मौके भी छिपे हैं.

भारत क्यों है दुनिया की टेक कंपनियों की मजबूरी?

गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन जैसी दिग्गज कंपनियां भारत में निवेश के पीछे बड़ा कारोबारी फायदा है. भारत में 100 करोड़ से ज्यादा इंटरनेट यूजर्स हैं. देश के बैंकिंग, मैन्युफैक्चरिंग, टेलीकॉम और सरकारी क्षेत्रों में क्लाउड सेवाओं और डेटा प्रोसेसिंग की मांग तेजी से बढ़ रही है. डेटा लोकलाइजेशन के नियमों और ग्राहकों को तेज व भरोसेमंद सर्विस देने के लिए कंपनियों को भारत के भीतर ही सर्वर लगाने होंगे. अमेरिका में बैठकर भारतीय बाजार की ये जरूरत पूरी नहीं की जा सकती.

इसके अलावा भारत कंपनियों को कम निर्माण और संचालन लागत, बड़ी संख्या में कुशल इंजीनियर और रिन्यूएबल एनर्जी की सुविधा देता है. भारत की भौगोलिक स्थिति और लगातार बढ़ता सबसी केबल नेटवर्क इसे दूसरे देशों को भी सर्विस देने के लिए बेहतरीन बनाता है. यही वजह है कि जानकारों का मानना है कि गूगल और माइक्रोसॉफ्ट अपने घोषित प्रोजेक्ट्स बंद नहीं करेंगे.

अरबों डॉलर का निवेश, 2047 तक टैक्स छूट की ताकत

भारत की इस ताकत का सबसे बड़ा सबूत पिछले एक साल में आए निवेश के आंकड़े हैं. पिछले साल अक्टूबर से अब तक गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और अमेजन ने मिलकर भारत में कुल 67.5 अरब डॉलर के निवेश का वादा किया है. गूगल ने 2026 से 2030 के बीच विशाखापत्तनम में AI हब बनाने के लिए 15 अरब डॉलर का ऐलान किया है. इसमें गीगावाट स्तर का डेटा सेंटर और अंतरराष्ट्रीय सबसी केबल गेटवे शामिल है, जो अमेरिका के बाहर गूगल का सबसे बड़ा AI निवेश होगा.

माइक्रोसॉफ्ट ने भी 2026 से अगले चार सालों में 17.5 अरब डॉलर निवेश करने की घोषणा की है, जो उसके पहले के 3 अरब डॉलर के वादे से अलग है. इससे हैदराबाद में बड़ा हाइपरस्केल सेंटर बनेगा और चेन्नई व पुणे में विस्तार होगा. वहीं अमेजन वेब सर्विसेज 2030 तक 12.7 अरब डॉलर लगाएगी. कंपनी का अनुमान है कि इससे भारत की जीडीपी में 23.3 अरब डॉलर का योगदान मिलेगा और हर साल करीब 1,31,700 नौकरियों को सहारा मिलेगा.

अप्रैल 2026 की ब्लूमबर्ग रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 150 अरब डॉलर से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव पाइपलाइन में हैं. इस रफ्तार को और बढ़ाने के लिए भारत सरकार ने 202627 के बजट में भारतीय डेटा सेंटर्स से ग्लोबल क्लाउड सेवा देने वाली विदेशी कंपनियों को 2047 तक टैक्स छूट देने का बड़ा फैसला किया है. हालांकि बिजली वितरण और पानी की खपत जैसी चुनौतियां हैं, लेकिन इनसे निपटने के लिए डेवलपर्स मुंबई और चेन्नई से आगे बढ़कर विशाखापत्तनम जैसे शहरों में बड़े कैंपस तैयार कर रहे हैं.

अडानीरिलायंस के लिए खुलेंगे बड़े मौके

ट्रंप का कहना है कि विदेश में बने अमेरिकी डेटा सेंटर्स पर चीन कब्जा कर सकता है और एनवीडिया के एडवांस AI चिप्स का इस्तेमाल कर सकता है. रॉयटर्स की रिपोर्ट में भी कहा गया था कि चीनी कंपनियां दूसरे देशों के डेटा सेंटर्स से किराए पर कंप्यूटिंग क्षमता ले रही हैं. ट्रंप इसी रास्ते को बंद कर अमेरिका में नौकरियां बढ़ाना चाहते हैं.

लेकिन अगर वाशिंगटन की सख्ती के कारण अमेरिकी कंपनियां भारत में अपना विस्तार धीमा करती हैं, तो इसमें भारत के लिए एक बड़ा अवसर भी छिपा है. ऐसी स्थिति में अडानी और रिलायंस जैसी भारतीय कंपनियां बाजार में अपनी हिस्सेदारी तेजी से बढ़ा सकती हैं. इसके साथ ही जापान, सिंगापुर और मिडिल ईस्ट के निवेशकों के लिए भी भारत में बड़े मौके खुलेंगे. हालांकि अमेरिकी कंपनियों की पूंजी और तकनीक की जगह तुरंत भरना आसान नहीं होगा, लेकिन ये स्थिति भारतीय कंपनियों को ग्लोबल स्तर पर मजबूत होने का मौका दे सकती है.

ट्रंप के रास्ते में अमेरिकी कानून की बड़ी दीवार

भारत के लिए सबसे बड़ी राहत की बात ये है कि ट्रंप के लिए ये टैक्स लगाना आसान नहीं है. उन्होंने न तो टैक्स की दर बताई है और न ही इसे लागू करने का कोई तरीका. उन्होंने खुद माना कि व्हाइट हाउस में बोलने से पहले उन्होंने अपने अधिकारियों से इस पर कोई बात नहीं की थी. अमेरिकी संविधान के मुताबिक, नया फेडरल टैक्स लगाने का अधिकार सिर्फ अमेरिकी संसद के पास है, राष्ट्रपति के पास नहीं. अगर वे पुराने कानूनों का सहारा लेते हैं, तो उन्हें कोर्ट में कड़ी चुनौती मिलेगी.

व्यावहारिक तौर पर भी सारा काम अमेरिका में समेटना अमेरिकी कंपनियों के लिए घाटे का सौदा होगा. इससे उनकी लागत बढ़ेगी, विदेशी ग्राहकों को सर्विस धीमी मिलेगी और उल्टा चीन की कंपनियों को आगे निकलने का मौका मिल जाएगा. साफ है कि ट्रंप का ये बयान भारत के लिए कोई तुरंत आया संकट नहीं है. भारत को अभी हालात पर नजर रखते हुए अपनी मंजूरी प्रक्रिया को तेज करने, निर्बाध बिजली सप्लाई और घरेलू कंपनियों को मजबूत करने पर ध्यान देना है, ताकि दुनिया का AI हब बनने का सफर बिना रुके जारी रहे.

विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
शेयर करें:
Author Bio Pic

संपादकीय टीम

खबर मंकी की अनुभवी एडिटोरियल डेस्क। हमारे लेखक और संपादक दिन-रात निष्पक्ष, सटीक और तीव्र समाचार आप तक पहुँचाने के लिए काम करते हैं।

🐒 KHABAR MONKEY