उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी ने NDA के भीतर सीट बंटवारे की कवायद तेज कर दी है. सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के लिए बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व ने जिम्मेदारियां तय कीं, हालांकि अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व लेगा .मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को राष्ट्रीय लोकदल से बातचीत की जिम्मेदारी सौंपी गई. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अपना दल से बातचीत करेंगे.

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी निषाद पार्टी से सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेंगे. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से बातचीत की जिम्मेदारी मिली है.
इसी सप्ताह सहयोगी दलों के साथ बातचीत शुरू होने की संभावना है. बीजेपी नेता सहयोगियों की सीटों को लेकर दावेदारी, अपेक्षाओं और सीटों की मांग के पीछे के तर्क समझेंगे. सहयोगी दलों से बातचीत के बाद बीजेपी नेता अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे. इसके आधार पर सीट बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला तय होगा.
पुराने सहयोगियों की बढ़ सकती है चुनौती
अपना दल ने 2017 में 11 में से 9 और 2022 में 17 में से 12 सीटें जीती थीं. इस बार भी पार्टी अधिक सीटों की अपेक्षा कर रही है. निषाद पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव में 14 सीटें मिली थीं, जिनमें से 6 सीटों पर बीजेपी ने अपने उम्मीदवार उतारे थे. निषाद पार्टी भी इस बार हिस्सेदारी बढ़ाने का दबाव बना सकती है.
RLD और सुभासपा पिछली बार क्रमशः 33 और 18 सीटों पर चुनाव लड़ी थीं. दोनों दल इस बार भी इतनी ही सीटें चाहते हैं, जबकि बीजेपी की योजना RLD को अधिकतम 18 और सुभासपा को 10 सीटें देने की है.
सहयोगियों के बीच सीट बंटवारा बड़ा चैलेंज
सहयोगियों की बढ़ती संख्या और उनकी सीटों की मांग के बीच बीजेपी के लिए सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय करना आसान नहीं होगा. मिशन 2027 के लिए बीजेपी ने सहयोगियों के साथ सीटों की बातचीत की कमान अपने बड़े चेहरों को सौंपी है अब देखना होगा कि सहयोगियों की दावेदारी और बीजेपी के सीटों के प्रस्ताव के बीच सहमति कैसे बनती है?