बीजेपी नेता हाजी अरफात शेख ने कांग्रेस के नेता और सांसद इमरान मसूद के बयान पर कहा कि मोहम्मद सिराज का चयन बीजेपी नहीं, क्रिकेट बोर्ड करता है. भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग11 में जगह नहीं मिलने पर इमरान मसूद ने सवाल खड़े किए थे.

मसूद ने कहा था कि सिराज के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टीम में मौका नहीं दिया गया. इसकी वजह उनका नाम सिराज होना भी हो सकता है.
लोगों के दिलों में जहर घोलने का काम किया भाजपा
बीजेपी नेता हाजी अरफात शेख ने कांग्रेस नेता इमरान मसूद के मोहम्मद सिराज को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस की घटिया राजनीति अब शुरू हो गई है.
क्रिकेटर मोहम्मद सिराज के चयन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड करता है, बीजेपी नहीं. सचिन तेंदुलकर हों या मोहम्मद सिराज, जो भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करता है, उसकी सराहना पूरा देश करता है.
समाज को बांटने की राजनीति का लगाया आरोप
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस नेता लोगों के बीच जहर घोलने और समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं. देश और क्रिकेट के नाम पर इस तरह की घटिया राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
हाजी अरफात शेख ने कहा कि ऐसे नेताओं के बयानों का खामियाजा पूरे मुस्लिम समाज को भुगतना पड़ता है. इमरान मसूद को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को भड़काने और लोगों के बीच नफरत फैलाने की राजनीति बंद करें. देश और खिलाड़ियों को धर्म के चश्मे से देखने के बजाय उनकी प्रतिभा और प्रदर्शन का सम्मान करना चाहिए.
प्लेइंग11 में सिराज को मौका नहीं
दरअसल, भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू हुआ. इस मैच में भारतीय टीम ने मोहम्मद सिराज को प्लेइंग11 में शामिल नहीं किया. उनकी जगह आकाश दीप और अंशुल कंबोज को मौका दिया गया.
भारतीय टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरी, जिसमें जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज शामिल हैं. हालांकि, सिराज को टेस्ट टीम से बाहर नहीं किया गया है. वह न्यूजीलैंड दौरे के लिए घोषित भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा हैं. उन्हें सिर्फ पहले टेस्ट की अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली.
पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर और रवि शास्त्री ने भी सिराज को टेस्ट मैच के प्लेइंग11 में जगह नहीं मिलने पर सवाल उठाए थे.